Ticker

6/recent/ticker-posts

महिला सशक्तिकरण का संदेश देने विविध कार्यक्रमों का आयोजन

मोहम्मद सईद

शहडोल 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नारी शक्ति के प्रतीक के रूप में स्कूटी रैली का भी आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए निकली गई रैली को जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, जिला योजना समिति की अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा और एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। रैली कलेक्टोरेट परिसर से इंदिरा चौक होते हुए वापस जनपद पंचायत कार्यालय तक पहुंचकर संपन्न हुई। रैली उपरांत कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत के सभागार में महिला सशक्तिकरण के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गए। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विभा मिश्रा, निभा गुप्ता, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष श्रीमती कल्याणी वाजपेयी, संगीता निगम, प्रमिला चौधरी व अमृता गर्ग मंचासीन रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर व कन्या पूजन के साथ किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी  अखिलेश मिश्र ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत उपरांत बालिकाओं द्वारा स्वागत नृत्य किया गया। 

इस अवसर पर संस्कृति अग्रवाल के द्वारा समाज मे  महिलाओं के योगदान के विषय में अपने विचार रखे गए। लकी चतुर्वेदी की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई जिसमें शिक्षा के महत्व को बताते हुए शिक्षित बेटी से सशक्त महिला  बनने के साथ बाल विवाह के दुष्परिणाम व समाज में महिलाओं के योगदान का संदेश दिया गया। शासकीय कन्या विद्यालय शहडोल के करिश्मा डांस ग्रुप ने लाठी चलाने के साथ नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दे कर समाज मे महिलाओ के सशक्त होने व बराबरी के साथ रहने का संदेश दिया। विभाग के पिंक ड्राइविंग लाइसेंस योजना के तहत निःषुल्क ड्राइविंग लाइसेंस महिलाओं के बनवाये जाते हैं। महिला दिवस के उपलक्ष्य में 100 महिलाओ का निःषुल्क लाइसेंस के लिए महिला एवं बाल विभाग द्वारा पंजीयन किया गया जिसमें उपस्थित महिलाओ को यातायात के नियमो व सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिए यातायात आरक्षक विवेकानंद तिवारी द्वारा जानकारी दी गयी। महिलाओ के लिए माहवारी सुरक्षा व पोषण स्वास्थ्य की जागरूकता के लिए स्वास्थ्य विभाग की डॉ आमरीन खान के द्वारा वैज्ञानिक कारणो व समाधानों की जानकारी दी गयी। 

बेटियों को बोझ न मानें-मनीषा सिंह

विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिक उद्देश्यों में रखकर विभिन्न योजनाओं को संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि घटते लिंगानुपात को सुधारने के लिए व समाज में बेटियो को बोझ न माने बल्कि लष्मी के रूप में देखा जाए। इसके लिए लाडली लक्ष्मी योजना, सुरक्षा के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का क्रियान्वयन हो रहा है जिसके सकारात्मक परिणाम देखे जा रहे है। जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आज शहडोल में सांसद व जयसिंहनगर विधायक महिला है जिनके नेतृत्व में विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे ।जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्र ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर समाज मे बराबरी से योगदान करने का आव्हान किया। 

इन महिलाओं को किया सम्मानित

विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंचासीन अतिथियों के द्वारा महिला जनप्रतिनिधि श्रीमती हीरावती कोल जनपद पंचायत अध्यक्ष, श्रीमती इंद्रा सिंह सरपंच, श्रीमती कमलेश्वरी धुर्वे, विभागीय कार्यो में उत्कृष्ट महिला कर्मचारियों श्रीमती वर्षा बैगा, बसंता सिंह, विशाखा उर्वेदी, चम्पा सिंह, संध्या यादव, सुनीता कोरी, पार्वती सिंह मार्को, श्रीमती प्रीति सहाय, अर्चना खरे, अनीता पांडेय, सुनीता प्रजापति, दीपा मिश्रा, वंदना पनिका, पद्मा साहू, दुर्गाबाई, चंदा बाई, रानी सिंह, विद्यावती सिंह, बीरमतिया बैगा समाज सेवी निभा गुप्ता, ममता बैगा, अधिवक्ता तरन्नुम बानों, स्नेहलता पाठक, योग आचार्य वर्षा तनेजा आदि महिलाओं को सम्मानित किया गया। मंच से प्रतीकात्मक रूप से विभाग द्वारा बनवाये गए निःषुल्क ड्राइविंग लाइसेंस का वितरण पलक सेन, मनीशा पांडे, हेमा महरा, सोनल महरा व श्रद्धा सिंह को किया गया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले छात्राओ को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। 

यह भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति से अभिषेक चौकसे, अभय मिश्र, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुद्रिका सिंह, आनंद सिन्हा सहायक आयुक्त ट्राइबल, राकेश खरे संभागीय संचालक महिला बाल विकास व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। श्रीमती मंजुला पांडेय ने कार्यक्रम का सफल मंच संचालन किया। श्रीमती संजीता भगत सहायक संचालक व आनंद अग्रवाल परियोजना अधिकारी ने उपस्थित सभी के प्रति आभार प्रकट किया।


Post a Comment

0 Comments