Ticker

6/recent/ticker-posts

सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण-श्रीमती मनीषा सिंह

 

मोहम्मद सईद

शहडोल 7 मार्च। मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने और जनता की भावनाओं को सरकार तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विकास का कोई भी स्वप्न मीडिया के सहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह यह विचार पत्र सूचना कार्यालय, भोपाल (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा विजयश्री होटल, शहडोल में विकसित भारत @2047 पर केंद्रित मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम में व्यक्त कर रही थीं। इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के निदेशक मनीष गौतम तथा अपर कलेक्टर सरोधन सिंह भी उपस्थित थे।विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि देश की दशा और दिशा बदलने के लिए प्रधानमंत्री दिन-रात कार्य कर रहे हैं। हम सभी का दायित्व है कि हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर गांवों की तस्वीर बदली है। गांव से शहर तक सड़कों का मजबूत नेटवर्क बनने से ग्रामीण उत्पादों का शहरों के बाजार तक पहुँचना आसान हुआ है, जिससे गांवों के विकास को गति मिली है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से इस कृषि प्रधान देश में कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सार्थक संवाद से जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाना आसान हो जाता है। मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है। प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद को बढ़ावा देने तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी पत्रकारों को सीधे देने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय द्वारा समय-समय पर विभिन्न जिलों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अपर कलेक्टर सरोधन सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश को अपनी बढ़ती आबादी के अनुरूप अन्न, वस्त्र और आवास की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। मीडिया के सकारात्मक सुझाव सरकार के कार्यों को पारदर्शी बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि अनुराग पटेल, वैज्ञानिक बृज किशोर प्रजापति, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. शुक्ला, लीड बैंक मैनेजर अमित चौरसिया ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मीडिया की ओर से दिनेश अग्रवाल, गोपालदास बंसल, अजय जायसवाल सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक पराग मांदले ने किया।


Post a Comment

0 Comments