Ticker

6/recent/ticker-posts

व्यापारियों के प्रमुख संगठन कैट के प्रदेश महामंत्री बने मनोज गुप्ता

मोहम्मद सईद 
शहडोल 4 सितंबर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन राजधानी भोपाल के विधानसभा के मानसरोवर हॉल में गत दिवस आयोजित आयोजित हुआ। इसमें शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया और अनूपपुर सहित मध्यप्रदेश के सभी जिलों से 250 प्रमुख व्यापारी नेताओं ने अपनी सहभागिता निभाई। सम्मेलन में व्यापार, स्वदेशी, संगठन सशक्तिकरण एवं विकसित भारत के संकल्प को लेकर  व्यापक चर्चा हुई। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारिक प्रतिनिधियों ने व्यापार, कराधान, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स, स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन तथा व्यापारिक संगठनों की भूमिका से जुड़े अनेक विषयों पर विचार-विमर्श किया और व्यापार एवं अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान कैट संगठन का विस्तार भी किया गया, जिसमें कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता को मध्यप्रदेश कैट का नया महामंत्री नियुक्त किया गया, इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई।
कैट सम्मेलन का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। इस अवसर पर  कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल, चांदनी चौक से सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन एवं प्रदेश के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा सहित पूरे प्रदेश भर से वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।                          सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया वोकल फॉर लोकल का मंत्र केवल एक आर्थिक अभियान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय आंदोलन है। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों के उपयोग और प्रचार से देश के कारीगरों, लघु उद्योगों, स्टार्टअप्स तथा व्यापारिक समुदाय को नई शक्ति मिलती है।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि कैट को देश के सबसे मजबूत व्यापारी संगठन के रूप में और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने तथा व्यापारिक समुदाय की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में अगस्त में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव ने देश के व्यापारिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से देश-विदेश के व्यापारिक प्रतिनिधियों, उद्यमियों और उद्योग जगत को एक बड़ा मंच मिला। कैट के राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के प्रति उपभोक्ताओं का बढ़ता विश्वास भारत की आर्थिक मजबूती का आधार है।
 कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने व्यापारियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारिक संगठनों को और अधिक सक्रिय एवं संगठित कर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ें। कैट के प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि यह सम्मेलन मध्यप्रदेश के व्यापारिक समुदाय की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का संदेश है। 
कैट के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री मनोज गुप्ता (शहडोल) ने अपने सम्बोधन में कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, आज आवश्यकता है कि छोटे और मध्यम व्यापारियों को तकनीक, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स और नए बाजारों से जोड़ा जाए। प्रदेश महामंत्री मनोज गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों से व्यापारियों की सहभागिता यह दर्शाती है कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग अब केवल अपने व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत, रोजगार सृजन और विकसित भारत के निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

Post a Comment

0 Comments