मोहम्मद सईद
शहडोल 3 सितंबर। शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में हो रही देरी और नागरिकों को आवागमन में आ रही परेशानियों को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने गुरुवार को मोर्चा संभाला। उन्होंने शहर के विभिन्न मार्गों का मैदानी निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, निर्माण कार्य की प्रगति और नागरिकों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां यह भी उल्लेखनीय है, कि कोर्ट से मिली राहत के बाद सीएमओ श्रीमती आशा भंडारी ने एक सितंबर को ही शहडोल नगर पालिका में दोबारा पदभार संभाला है।
निरीक्षण का खास पहलू यह रहा कि सीएमओ श्रीमती भंडारी ने इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक निर्माणाधीन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड पर एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक पैदल चलकर सड़क की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में बाधक बन रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार से कहा कि पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा होते ही सड़क निर्माण में तेजी लाई जाए, ताकि निर्माण कार्य जल्द पूरा हो और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार डायवर्सन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मलबा तत्काल हटाना पड़ेगा
इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे दुकानों और मकानों के सामने पड़े निर्माण मलबे को लेकर भी सीएमओ ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधितों को मलबा तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
व्यापारियों और नागरिकों ने रखी समस्याएं
मैदानी निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने सड़क निर्माण, यातायात और आवागमन से जुड़ी विभिन्न समस्याएं सीएमओ के समक्ष रखीं। श्रीमती भंडारी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया।
सीएमओ ने सभी उप यंत्रियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के दौरान वे नियमित रूप से मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करें। उन्होंने ठेकेदारों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा किया जाए।
2 दिन में भरो गड्ढे
सीएमओ ने इंदिरा चौक से सिंहपुर रोड स्थित पोन्डा नाला तक सड़क का निरीक्षण किया। मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने उपयंत्री शरद द्विवेदी को निर्देशित किया कि दो दिन के अंदर गड्ढों का भराव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य हर हाल में पूरा कराया जाए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री एस.एस. तोमर, पुनीत त्रिपाठी, शरद द्विवेदी, अरुण तिवारी, विद्युत विभाग से रंजीत खैरवार सहित संबंधित ठेकेदार, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


0 Comments