मोहम्मद सईद
शहडोल 18 अक्टूबर। रेल यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, उनकी समस्याओं को रेलवे प्रबंधन तक पहुंचाने और यात्री हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी परामर्श देने के उद्देश्य से गठित मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (Divisional Railway Users' Consultative Committee) जिसे आमतौर पर बोलचाल की भाषा में (DRUCC) कहा जाता है, में शहडोल क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी, पूर्व रेल कर्मचारी एवं सफल व्यवसायी के रूप में अपनी पहचान बना चुके ए.के. मोहंती को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। उन्हें जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, शहडोल के प्रतिनिधि के तौर पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके मनोनयन से क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं और अपेक्षाओं को रेलवे के समक्ष मजबूती से रखने की उम्मीद बढ़ी है।
रेलवे की कार्यप्रणाली और यात्रियों की समस्याओं का है अनुभव
व्यवसायी ए.के. मोहंती का चयन इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे रेलवे की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं। पूर्व रेल कर्मचारी होने के नाते उन्हें रेलवे की व्यवस्थाओं की समझ है, वहीं समाजसेवा और व्यवसाय के क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण वे आम नागरिकों तथा यात्रियों की जरूरतों से भी जुड़े रहे हैं। उनका यह अनुभव समिति में यात्री हितों से जुड़े विषयों को व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करने में उपयोगी साबित होगा।
यात्री सुविधाओं में सुधार की उम्मीद
मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति रेलवे प्रशासन और रेल उपयोगकर्ताओं के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस समिति के जरिए यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं, स्टेशन व्यवस्थाओं, रेल सेवाओं तथा यात्रियों को होने वाली परेशानियों जैसे मुद्दों पर सुझाव और परामर्श दिए जाते हैं। समिति के अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक (DRM) होते हैं और इसका निर्धारित कार्यकाल दो वर्ष का होता है।
मित्रों और शुभचिंतकों ने जताई खुशी
ए.के. मोहंती को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति में सदस्य बनाए जाने पर उनके मित्रों, शुभचिंतकों और परिचितों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए रेलवे प्रबंधन के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि श्री मोहंती अपने अनुभव और सक्रियता के माध्यम से रेल यात्रियों के हितों को प्राथमिकता दिलाने में सार्थक भूमिका निभाएंगे।


0 Comments