Ticker

6/recent/ticker-posts

सड़क किनारे खड़े भारी वाहन बन रहे हादसों की वजह

मोहम्मद सईद 

शहडोल 26 नवंबर। संभाग अंतर्गत अनूपपुर जिले के जैतहरी-अनूपपुर-चचाई मुख्य मार्ग इन दिनों दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। इस मार्ग के दोनों किनारों पर खड़े भारी-भरकम ट्रक और मालवाहक वाहन आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। इस मार्ग पर अनेकों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है और अनेक लोग घायल भी हुए हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर अविभाजित शहडोल जिले के पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने जिला प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आखिर कब तक आम नागरिक सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की वजह से अपनी जान गंवाते रहेंगे...? क्या प्रशासन को किसी और बड़े हादसे का इंतजार है...?


गंभीर सवाल खड़ा कर रही छुल्हा फाटक की घटना 

भाजपा नेता अनिल गुप्ता ने छुल्हा फाटक के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से बोलेरो की टक्कर में एक वीर जवान की दर्दनाक मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, लेकिन इसके बाद भी भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने बताया कि जैतहरी से अनूपपुर के बीच दोपहर लगभग 2 बजे से रात 10 बजे तक बड़ी संख्या में भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है। विशेषकर रात के समय कम दृश्यता के कारण दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब रात 10 बजे के बाद भारी वाहनों का आवागमन शुरू होता है, तो दिन में मुख्य मार्ग को पार्किंग स्थल बनाने की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है..? अनूपपुर जिला मुख्यालय से महज 2 से 3 किलोमीटर की दूरी पर यह स्थिति होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नजर क्यों नहीं पड़ रही..?

सख्त कार्रवाई की जरूरत

श्री गुप्ता ने मांग की है कि जैतहरी से अनूपपुर और चचाई तक पूरे मार्ग का पुलिस एवं यातायात विभाग संयुक्त निरीक्षण करे। संवेदनशील स्थानों पर नो-पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए, भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई हो।
उन्होंने कहा कि सड़क को निजी पार्किंग स्थल समझने वाले वाहन संचालकों पर सख्ती जरूरी है। यदि किसी वाहन चालक या मालिक की लापरवाही से दुर्घटना में किसी की मृत्यु अथवा गंभीर चोट होती है, तो तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदारों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए। केवल चालानी कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा।

Post a Comment

0 Comments