Ticker

6/recent/ticker-posts

थम गई बाघ की दहाड़, मचा हड़कंप, रहस्य बरकरार


मोहम्मद सईद 
शहडोल 19 नवंबर। विश्वभर में बाघों की मौजूदगी और संरक्षण के लिए विशिष्ट पहचान रखने वाले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र में एक नर बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। 18 नवंबर को बिजौरी सर्कल के अंतर्गत देवरी-बी बीट में नियमित वन गश्ती के दौरान बाघ का शव बरामद हुआ। मृत बाघ की अनुमानित आयु 8 से 10 वर्ष बताई गई है। फिलहाल बाघ की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत जांच और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी कर ली है।

गश्ती के दौरान वनकर्मियों की पड़ी नजर

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को दोपहर बाद नियमित पैदल गश्ती के दौरान बीट प्रभारी देवरी-बी एवं सुरक्षा श्रमिक ने सबसे पहले बाघ का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही सहायक संचालक मानपुर और वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।


राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए घटना स्थल की घेराबंदी की गई। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में शहडोल से बुलाए गए डॉग स्क्वाड, मेटल डिटेक्टर और वन विभाग के मैदानी अमले की मदद से सघन सर्चिंग एवं गश्ती अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा महत्वपूर्ण साक्ष्य का पता लगाना था। हालांकि, सर्चिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।
19 नवंबर को मृत नर बाघ का शव विच्छेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया। यह कार्रवाई डॉ. अभय सेंगर (संजय टाइगर रिजर्व) और डॉ. विपिन चन्द्र आदर्श (पशु चिकित्सक, मानपुर) द्वारा संपन्न की गई। शव परीक्षण के दौरान बाघ के सभी अवयव, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परीक्षण किए गए तथा विभिन्न जांचों के लिए नमूने भी संकलित किए गए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार बाघ का विधिवत दाह संस्कार कर दिया गया।

पूरी कार्रवाई के दौरान वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय प्रशिक्षण के सिलसिले में मुख्यालय से बाहर प्रवास पर होने के कारण उनके स्थान पर वन संरक्षक रीवा वृत्त अनुराग कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा उप संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व योहान कटारा, NTCA प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति, सहायक संचालक आर.एन. विश्वकर्मा, वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर, ग्राम पंचायत मझखेता की सरपंच श्रीमती सावित्री प्रजापति, उप सरपंच तेजभान सिंह, नायब तहसीलदार सनत सिंह सहित मानपुर बफर परिक्षेत्र का मैदानी अमला मौजूद रहा।

रिपोर्ट के बाद ही खुलेगा मौत का राज

वन विभाग के अनुसार, बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण फिलहाल अज्ञात है। शव विच्छेदन के दौरान संकलित नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है, ताकि जांच की प्रत्येक प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे। अब सभी की निगाहें प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाघ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।

Post a Comment

0 Comments