मोहम्मद सईद
शहडोल 19 अक्टूबर। त्यौहारी सीजन में शहडोल जिले में अधिकारी व्हाट्सएप और एसएमएस पर आवेदन देकर छुट्टी पर जा रहे हैं। अधिकारियों के इस तरीके पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कड़ा आदेश जारी किया है।कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने आदेश जारी कर कहा है, कि प्रायः यह देखा गया है कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व स्वीकृति प्राप्त किए अवकाश पर प्रस्थान किया जा रहा है तथा अवकाश हेतु आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप के स्थान पर सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे जा रहे हैं, जो कि शासकीय कार्यों की पदीय गरिमा एवं अनुशासन के विपरीत है। उन्होंने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कोई भी अधिकारी/कर्मचारी बिना सक्षम अधिकारी से पूर्व स्वीकृति प्राप्त किए कार्यालय से अनुपस्थित नहीं रहेंगे (आकस्मिक अवकाश/अन्य अवकाश की स्वीकृति पहले लें),अवकाश का आवेदन सदैव निर्धारित प्रारूप में विधिवत प्रस्तुत किया जाए; व्हाट्सएप, एसएमएस या मौखिक सूचना पर अवकाश मान्य नहीं होगा, यदि भविष्य में कोई भी अधिकारी/कर्मचारी बिना पूर्व स्वीकृति के अवकाश पर पाया जाता है, तो उस अवधि को 'No Work, No Pay' (न काम, न वेतन) के सिद्धांत के तहत उस दिवस का वेतन काटा जाएगा और संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के इस आदेश के जारी होने से व्हाट्सएप और एसएमएस पर छुट्टी का संदेश भेज कर नदारत होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

0 Comments