शहडोल 15 फरवरी। शीतकालीन गिद्ध गणना वर्ष 2025-26 की शुरुआत 20 फरवरी से होने जा रही है। यह गिद्ध गणना तीन दिन, 22 फरवरी तक जारी रहेगी। इस गिद्ध गणना के संबंध में अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत ईको सेंटर ताला में गत दिवस वृत्त स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वन वृत्त शहडोल के उत्तर शहडोल, दक्षिण शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व उमरिया के सभी उप वन मंडल अधिकारी व परिक्षेत्र अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में वल्चर कमेटी के सदस्य एवं मास्टर ट्रेनर दिलशेर खान ने मध्य प्रदेश में देखे जाने वाले स्थायी एवं प्रवासी गिद्ध प्रजातियों की पहचान एवं रहवास के सम्बंध में प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यशाला में मोहन नागवानी द्वारा इस वर्ष गिद्ध गणना में प्रयोग किए जाने वाले मोबाइल एप्लीकेशन Epicollect5 Data संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। उप संचालक बांधवगढ टाईगर रिजर्व ने कार्यशाला में उपस्थित समस्त अधिकारियों को मैदानी अमले को भी प्रशिक्षण प्रदाय करने के निर्देश दिए। अंत में उप वन मंडल अधिकारी पनपथा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मोबाइल एप्लीकेशन से होगी गणना-डॉ. सहाय
कार्यशाला में उपस्थित बांधवगढ टाईगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने प्रदेश व्यापी गिद्ध गणना के गिद्ध संरक्षण में महत्व पर जानकारी प्रदान की। क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने बताया कि मध्य प्रदेश में 20 फरवरी से 22 फरवरी तक मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से गिद्ध गणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय अधिकारियों एवं वन कर्मचारियों को गणना गणना के दौरान उपयोग में लाई जाने वाली नवीन पद्धतियों से अवगत कराकर प्रशिक्षण प्रदान करना था।


0 Comments