मोहम्मद सईद
शहडोल 12 फरवरी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जीतू पटवारी 13 फरवरी शुक्रवार को हुंकार भरने शहडोल पहुंच रहे हैं। श्री पटवारी यहां जन आक्रोश रैली में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी सुबह 6:55 बजे पर इंदौर से फ्लाइट द्वारा भोपाल पहुंचेंगे और उसके बाद सुबह लगभग 8:30 बजे भोपाल से कार द्वारा जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जबलपुर में कुछ देर रुकने के बाद श्री पटवारी सुबह 10 बजे शहडोल के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 1 बजे शहडोल पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री पटवारी यहां जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित जन आक्रोश रैली में शामिल होंगे। जिला कांग्रेस द्वारा यह रैली शुद्ध पेयजल, युवा व किसानों की समस्याओं, अवैध रेत उत्खनन और शासन-प्रशासन की तानाशाही के खिलाफ आयोजित की गई है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी दोपहर 3:30 बजे वार्ड कमेटी के संदर्भ में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे और उसके बाद शाम 4:30 बजे सर्किट हाउस में पत्रकारों से रूबरू होंगे। इसके बाद श्री पटवारी शाम 5 बजे शहडोल से जबलपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
अंबेडकर चौक से प्रारंभ होगी रैली-अवस्थी
वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने एक अन्य जानकारी में बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दोपहर 02 बजे अम्बेडकर चौक पहुंचेंगे, जहाँ से जन आक्रोश रैली प्रारंभ होगी और जयस्तंभ चौक में समाप्त होगी। रैली के समापन पर विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसके उपरांत प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़ी मांगें रखी जाएंगी। इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष वार्ड कमेटियों के संदर्भ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने काँग्रेसजनों एवं आम नागरिकों से अपील की है, कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहितार्थ जन आक्रोश रैली को सफल बनाएं।

0 Comments