Ticker

6/recent/ticker-posts

जंगली हाथियों और मानव द्वन्द प्रबंधन में हाथी मित्रों की महती भूमिका

मोहम्मद सईद

शहडोल 8 फरवरी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत जंगली हाथियों और मानव द्वन्द प्रबंधन में हाथी मित्र भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। इन हाथी मित्रों का उत्साह वर्धन करने के लिए 7 फरवरी को वन परिक्षेत्र मानपुर (बफर) अंतर्गत विभिन्न ईको विकास समितियों द्वारा हाथी-मानव द्वन्द प्रबंधन हेतु गठित हाथी मित्रों के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व उमरिया तथा द कार्वेट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया।

हाथी मित्रों को दिए टॉर्च

इस मौके पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय, सहायक संचालक मानपुर बी.एस. उप्पल और रेंज ऑफिसर मानपुर मुकेश कुमार अहिरवार ने संयुक्त रूप से हाथी मित्रों को टॉर्च का वितरण किया। कार्यक्रम अंतर्गत जंगली हाथियों-मानव द्वन्द प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लगभग 60 हाथी मित्रों को टॉर्च प्रदान कर उन्हें रात्रि कालीन निगरानी एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए सशक्त किया गया।

सहभागिता के महत्व पर डाला प्रकाश

इस अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा वन्य जीव संरक्षण, मानव-वन्य जीव संघर्ष प्रबंधन तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने हाथी मित्रों को वन्य जीवों की सुरक्षा, आग से बचाव, अवैध विद्युत फेंसिंग की रोकथाम, खुले कुओं की नियमित जांच तथा इलेक्ट्रोक्यूशन से बढ़ती घटनाओं को रोकने हेतु सघन निगरानी एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments