मोहम्मद सईद
शहडोल 16 जून। देश के साथ ही विदेश में भी टाइगर को लेकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को इंडिया टुडे टूरिज्म सर्वे एंड अवार्ड्स 2026 में एडिटर च्वाइस अवार्ड और सर्वश्रेष्ठ वन्य जीव पर्यटन स्थल की श्रेणी में पुरस्कृत किया गया है। यह पुरस्कार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को वन्यजीव संरक्षण, उत्कृष्ट पर्यटन प्रबंधन, पर्यटकों को उच्च स्तरीय अनुभव प्रदान करने तथा जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। 15 जून को गोवा में आयोजित एक भव्य समारोह में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से यह पुरस्कार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डॉयरेक्टर डॉ. अनुपम सहाय और एडिशनल प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर ऑफ़ फारेस्ट (एपीसीसीएफ) वन्यजीव एल. कृष्णमूर्ति ने केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखवात और मुख्यमंत्री गोवा, डॉ प्रमोद सावंत के करकमलों से प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता के परिणामस्वरूप तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य जीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजौरा के सतत प्रोत्साहन के फलस्वरूप बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को यह उपलब्धि हासिल हुई है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डॉयरेक्टर डॉ. सहाय ने चर्चा के दौरान बताया कि यह पुरस्कार बांधवगढ़ में कार्यरत समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय समुदायों तथा संरक्षण सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि यह पुरस्कार न केवल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व बल्कि सम्पूर्ण मध्य प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है तथा राज्य की पहचान को देश के अग्रणी वन्य जीव पर्यटन गंतव्यों में और अधिक सुदृढ़ करता है।


0 Comments