मोहम्मद सईद
शहडोल 30 जून। आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्य करने की इच्छुक महिलाओं के लिए यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि जिले के कई आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए 13 जुलाई 2026 तक ऑनलाईन पोर्टल के माध्यंम से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले में कुल 11 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं कुल 27 आंगनवाड़ी सहायिका के पद रिक्त है।
आवेदन की अंतिम तिथि 13 जुलाई
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि शहडोल जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु दिनांक 01 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक चयन एमपी ऑनलाईन के माध्यम से आवेदन किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेण्ड्री उत्तीर्ण होना अनिवार्य है और आवेदन करने वाली इच्छुक महिला आवेदिका की आयु 01 जनवरी 2026 की स्थिति में 18 से 35 वर्ष होना अनिवार्य है।
इच्छुक महिला आवेदिका आवश्यक दस्तावेजों में आवेदिका जिस ग्राम/शहरी क्षेत्र के वार्ड की निवासी हैं, वहां सक्षम अधिकारी द्वारा जारी निवासी संबंधी प्रमाण पत्र, आवेदिका अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति की हैं तो जाति प्रमाण पत्र, आवेदिका वर्तमान में बी.पी.एल. में जीवन यापन कर रही है तो बीपीएल का प्रमाण पत्र, आवेदिका यदि विधवा/परित्यकता है तो सक्षम न्यायालय द्वारा जारी प्रमाण पत्र लेकर ही आवेदन ऑनलाईन कराएं। उन्होंने बताया कि आवेदन ऑनलाईन करने की अंतिम 13 जुलाई तथा ऑनलाईन आवेदन में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 है। किसी भी प्रकार का ऑफलाईन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।


0 Comments