Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल RTO की रफ्तार पर ब्रेक..! वाहन मालिक परेशान

मोहम्मद सईद 

शहडोल 23 सितंबर। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के इन दिनों हाल बहाल है। वाहन मालिकों को अपने वाहन संबंधी कार्यों के लिए भटकने के साथ ही लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालत यह हो गई है, कि कई वाहन मालिकों को सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज करानी पड़ी है। वाहन मालिक ही नहीं यहां के आरटीओ अभिकर्ता भी इस अव्यवस्था से पीड़ित है। उन्होंने अपने शटर को गिराकर काम बंद कर दिया है। शहडोल के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में ठप्प पड़े कार्यो के पीछे का कारण यहां के प्रभारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल का शहडोल नहीं आना बताया जा रहा है। ऐसा बताया जा रहा है, कि प्रभारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संतोष पाल ने जब से यहां कार्यभार संभाला हैं, तब से अभी तक मात्र दो बार ही शहडोल दफ्तर पहुंचे हैं।अपने कार्यों के संबंध में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय पहुंचे कई वाहन मालिकों ने बताया कि उनके वाहन का ट्रांसफर, पंजीयन, फिटनेस और लाइसेंस आदि का कार्य नहीं हो रहा है, जिससे उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

वहीं ऐसा भी बताया जा रहा है, कि आरटीओ कार्यालय में सैकड़ो की संख्या में कार्य लंबित पड़े हैं जिसके लिए लोग परिवहन कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। आरटीओ कार्यालय के बाहर बैठने वाले आरटीओ अभिकर्ताओं का भी यही दर्द है। अभिकर्ता, वाहन संबंधी कार्य लेकर सभी कागजात को कार्यालय तो पहुंचा रहे हैं, लेकिन वाहनों के यह कागजात शहडोल से कटनी के बीच ही घूमते रह जा रहे हैं और कार्य नहीं हो रहा है। इन्हीं सब परेशानियों को दृष्टिगत रखते हुए आरटीओ के अभिकर्ताओं ने अपनी-अपनी दुकानों का शटर गिरा दिया है और वे अपनी दुकानों के सामने कुर्सी लगाकर बाहर बैठ गए हैं। इन अभिकर्ताओं का कहना है, कि जब कार्यालय में कुछ काम ही नहीं हो रहा है तो वह अपने ऑफिस में बैठकर क्या करेंगे।

नाम नहीं हो रहा ट्रांसफर 

जानकारी के अनुसार कार वाहन क्रमांक एमपी 18 सीए 2812 के स्वामी के नाम का ट्रांसफर कराया जाना है, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी यह कार्य अभी तक लंबित पड़ा हुआ है। जबकि नियमानुसार इस कार्य के लिए दो दिन से अधिक का समय नहीं लगना चाहिए। 
इसी तरह है एक अन्य वाहन एमपी 18 जेड ई 4811 का एच पी ए फाइनेंस कटना है, लेकिन लंबे समय से यह कार्य भी लंबित पड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि कार्य न होने से परेशान वाहन मालिक संजय यादव ने इस मामले में सीएम हेल्पलाइन भी दर्ज कराई है। यह सब तो एक उदाहरण मात्र है। ऐसे सैकड़ो कार्य हैं, जो क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की फाइलों में धूल खा रहे हैं।

कलेक्टर ने दिया कारण बताओ नोटिस 

प्रभारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संतोष पाल को कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने दो दिन पूर्व ही कारण बताओं नोटिस जारी किया है। कलेक्टर श्री जायसवाल ने प्रभारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल को सीएम हेल्प लाईन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण बताओ नोटिस जारी किया हैं। 

Post a Comment

0 Comments