मोहम्मद सईद
शहडोल, 19 सितंबर। 70वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 17 वर्ष आयु वर्ग बालक एवं बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल मैदान में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में जबलपुर संभाग तथा बालिका वर्ग में इंदौर संभाग ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
खेल में हार-जीत सिक्के के दो पहलू-मनीषा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि खेलोगे-कूदोगे तो पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि शहडोल जिला खेलों के साथ-साथ गोंडी पेंटिंग एवं काष्ठ कला के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल ने कहा कि खेल में हार-जीत तो लगी रहती है, लेकिन खिलाड़ियों को अपने हौसले को बनाए रखना चाहिए। समारोह को भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष लोहानी ने भी संबोधित किया।

यह भी रहे उपस्थित
समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलमती सिंह, जनपद पंचायत सोहागपुर अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल, पूर्व पार्षद व पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी बास्केटबॉल जसवीर सिंह पप्पू, भाजपा नेता अभिषेक चौकसे व विनय केवट, जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति, डीपीसी अमरनाथ सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, संयुक्त संचालक शिक्षा उमेश धुर्वे, सहायक संचालक खेल रईस अहमद, बास्केटबाल के राष्ट्रीय कोच केके श्रीवास्तव, सुदर्शन मिश्रा, कान्वेन्ट स्कूल की प्राचार्य लीना रोज और कोच वीरेन्द्र श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। संयुक्त संचालक शिक्षा उमेश धुर्वे ने आभार व्यक्त किया।
40 लीग मैच हुए
जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चौधरी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 9 संभागों एवं जनजातीय कार्य विभाग की एक टीम सहित कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों को दो पूल ए एवं बी में विभाजित किया गया। प्रत्येक टीम ने चार लीग मैच खेले। इस प्रकार कुल 40 लीग मैच आयोजित किए गए। लीग मुकाबलों में शीर्ष पर रहने वाली दो-दो टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां चार सेमीफाइनल मैचों के बाद फाइनल मुकाबले के लिए टीमों का चयन हुआ।
प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों के कुल 240 खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में 44 टीम मैनेजर एवं कोच, 21 स्टेट ऑफिशियल्स एवं रेफरी तथा विभिन्न विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की की 15 समितियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जबलपुर और इंदौर का दबदबा
प्रतियोगिता के परिणामों में बालक वर्ग में जबलपुर संभाग ने प्रथम, उज्जैन संभाग ने द्वितीय तथा भोपाल संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में इंदौर संभाग प्रथम, शहडोल संभाग द्वितीय तथा उज्जैन संभाग तृतीय स्थान पर रहा। अतिथियों ने विजेता, उप विजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के महाप्रबंधकों और खिलाड़ियों को मेडल, प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही बास्केटबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर शहडोल संभाग का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
इन खिलाड़ियों को विशेष सम्मान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष सम्मान दिया गया।
बेस्ट प्लेयर बालक-सत्यांश तिवारी, जबलपुर
बेस्ट प्लेयर बालिका-पावनी दुबे, इंदौर
बेस्ट शूटर बालक-यश यादव, उज्जैन
बेस्ट शूटर बालिका-आशी गुप्ता, शहडोल
बेस्ट डिफेंडर बालक-अंशुल, भोपाल
बेस्ट डिफेंडर बालिका-कृपा गुप्ता, शहडोल
व्यवस्थाओं को सराहा
प्रतियोगिता में शामिल भोपाल संभाग के जनरल मैनेजर के.एस. ठाकुर, जबलपुर संभाग की श्रीमती माधुरी शर्मा एवं रीवा संभाग के कोच अरुण प्रकाश मिश्रा ने शहडोल में प्रतियोगिता के दौरान की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। रीवा संभाग की खिलाड़ी परी मिश्रा ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं को सराहनीय बताया।


0 Comments