मोहम्मद सईद
शहडोल 1 नवंबर। वन्य प्राणियों की सुरक्षा एवं अवैध शिकार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं गश्त की जा रही है। इसी क्रम में वन संरक्षक, वन वृत्त शहडोल महेन्द्र प्रताप सिंह (भा.व.से.) के निर्देशन तथा वन मण्डलाधिकारी, दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.) एवं उप वन मण्डलाधिकारी, सोहागपुर संतोष कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में वन विभाग की रात्रिगश्ती टीम ने वन्यप्राणी के शिकार की एक कोशिश को विफल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 30 एवं 31 अक्टूबर की दरमियानी रात रात्रि गश्ती दल को ग्राम धनगवां के भैरव टोला राजस्व क्षेत्र में भैरव टोला से कॉलोनी की ओर जाने वाली 11 केवी विद्युत लाइन से करंट फैलाकर वन्यप्राणियों के शिकार का प्रयास किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही गश्ती दल ने बिना विलंब किए मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ व्यक्ति मौके से भागते हुए दिखाई दिए। गश्ती दल ने तत्परता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान अपना नाम कतकू बैगा, निवासी धनगवां बताया। पूछताछ में आरोपी ने 11 केवी विद्युत लाइन से करंट फैलाकर जंगली सुअर का शिकार करने का प्रयास किए जाने की बात स्वीकार की। वन विभाग की टीम की त्वरित कार्रवाई से वन्यप्राणी के शिकार की योजना को विफल कर दिया गया। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी को 01 नवंबर को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। वहीं, घटनास्थल से फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश वन विभाग द्वारा जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई वन परिक्षेत्राधिकारी गोहपारू हेमन्त प्रजापति एवं परिक्षेत्र सहायक चुहरी नरेन्द्र बाथम के नेतृत्व में की गई जिसमें बीटगार्ड धनगवां शिवम बैगा, वनरक्षक रीतेन्द्र श्रीवास्तव, हीरालाल पनिका, के.के. शुक्ला, लक्ष्मी सिंह धुर्वे तथा शैलेष तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।

0 Comments