मोहम्मद सईद
शहडोल 31 अक्टूबर। उमरिया जिले के झाला एवं खैरवार क्षेत्र में बाबा महाकाल कंपनी द्वारा किए जा रहे रेत उत्खनन को लेकर युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। खदान की स्वीकृत सीमा और वन क्षेत्र में कथित खुदाई को लेकर युवा कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जाँच की मांग की है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार चंदिया को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जाँच कराने की मांग की है। साथ ही प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो खदानों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।
पहले वन सीमांकन हो
युवा कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि झाला रेत खदान का कुछ हिस्सा वन क्षेत्र में आता है और वहाँ भी उत्खनन किए जाने की शिकायत सामने आई है। संगठन ने पूर्व में वन क्षेत्र में हुए कथित उत्खनन की भी जाँच कराने की मांग की है। युवा कांग्रेस का कहना है कि किसी भी प्रकार का उत्खनन शुरू करने से पहले वन भूमि और खदान की स्वीकृत सीमा का स्पष्ट सीमांकन होना आवश्यक है। जब तक यह तय नहीं हो जाता कि खदान की वास्तविक सीमा कहाँ तक है, तब तक उत्खनन की अनुमति और उसकी वैधता को लेकर सवाल बने रहेंगे।
ज्ञापन के माध्यम से युवा कांग्रेस ने राजस्व, खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाँच कराने की मांग की है। संगठन चाहता है कि खदान के स्वीकृत क्षेत्रफल, नक्शे और खसरा नंबर का वास्तविक स्थिति से मिलान किया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं निर्धारित सीमा से बाहर तो उत्खनन नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही सीमांकन से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई है। 
युवा कांग्रेस का कहना है कि यदि जाँच में अवैध उत्खनन की पुष्टि होती है, तो तत्काल खुदाई रुकवाकर संबंधित कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। युवा कांग्रेस ने प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन खदानों के बाहर प्रदर्शन करेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में शोएब खान, गुरदीन चौधरी, मुकीम अहमद, हिमांशु सिंह, असब खान, घनश्याम प्रजापति, जय दुबेड़ी, अमित दुबेड़ी, विजय सिंह, राहुल चौधरी, दीपक कोल सहित अन्य लोग शामिल रहे।

0 Comments