मोहम्मद सईद
रीवा, 3 नवंबर। रीवा शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गत दिवस 7 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से निर्मित बिछिया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया। प्रतिदिन 6.5 एमएलडी (65 लाख लीटर) गंदे पानी के शोधन की क्षमता वाला यह आधुनिक संयंत्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा। यहां शहर के 10 वार्डों से आने वाले सीवेज का आधुनिक तकनीक और बैक्टीरिया की मदद से उपचार किया जाएगा।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए गए हैं, ताकि गंदे पानी का वैज्ञानिक तरीके से शोधन कर नदियों को प्रदूषण से बचाया जा सके। बिछिया ट्रीटमेंट प्लांट भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
चार चरणों में होगा गंदे पानी का शोधन
बिछिया ट्रीटमेंट प्लांट अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। संयंत्र में सबसे पहले सीवेज के साथ आने वाले ठोस अपशिष्ट को मशीनों के माध्यम से अलग किया जाता है। इसके बाद चार चरणों में पानी का शोधन किया जाता है। इस प्रक्रिया में बैक्टीरिया की मदद से पानी में मौजूद प्रदूषित तत्वों को समाप्त किया जाता है। संयंत्र में पहुंचने वाला काला और दूषित पानी शोधन की प्रक्रिया से गुजरने के बाद स्वच्छ हो जाता है। इसके बाद उपचारित पानी को नदी में छोड़ा जाता है। इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि नदी के प्रदूषण पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
भूमिहीन परिवारों को आवास देने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने उपस्थित आमजनों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि भूमिहीन परिवारों को उनकी पात्रता के अनुसार आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनसमस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह, पार्षद श्रीमती हेमलता सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



0 Comments