Ticker

6/recent/ticker-posts

विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा केंद्रीय बजट–हिमाद्री सिंह

मोहम्मद सईद

शहडोल 7 फरवरी। केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत के विजन का सशक्त दस्तावेज़ है। गरीब, युवा, नारी शक्ति, अन्नदाता के साथ मध्यम वर्ग और उद्यमियों के कल्याण व सशक्तिकरण के प्रावधान बजट में किए गए हैं। यह सर्वस्पर्शी, सर्व समावेशी बजट रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना को दर्शाता है, जो मध्यप्रदेश सहित देश को 2047 के विकसित भारत की ओर मजबूती से ले जाएगा। केंद्रीय बजट को राजनीति के दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नजर से देखना आवश्यक है। यह बात क्षेत्रीय सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने भारतीय जनता पार्टी जिला शहडोल द्वारा 7 फरवरी को ‘अटल निलय’ जिला भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकारों के समक्ष कही। पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि देश के कुल कर्ज को जीडीपी के 56 प्रतिशत से घटाकर 50 प्रतिशत तक लाने की भी योजना है। बजट में 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर्स के निर्माण और 12.2 लाख करोड़ के कैपिटल एक्सपेंडिचर का प्रावधान किया गया है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए निवेश राशि को 22,500 करोड़ से बढ़ाकर 40,000 करोड़ करने का प्रस्ताव है। यह बजट वर्ष 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में होगा उल्लेखनीय सुधार

सांसद श्रीमती सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की 17 दवाइयों पर कस्टम ड्यूटी शून्य कर दी गई है। एक लाख हेल्थ प्रोफेशनल्स की नियुक्ति, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान और हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जिला अस्पतालों का उन्नयन कर उनमें ट्रामा सेंटर स्थापित करने संबंधी प्रावधान स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार लाएंगे। महिलाओं के लिए हर जिले में हॉस्टल, डेढ़ लाख केयर वर्कर्स और पेंशनर्स को सुविधाएं देने का भी प्रावधान है।

युवाओं को रोजगार दिलाने में महती भूमिका

सांसद श्रीमती सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट में 15 हजार माध्यमिक शालाओं में कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना, आईआईएम के सहयोग से 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने और ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेलों को प्रोत्साहन देने की घोषणाएं की गई हैं। क्रिएटर लैब युवाओं को रोजगार दिलाने में महती भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व की कांग्रेस सरकारों का बजट सिर्फ लोक लुभावन रहता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का यह बजट दूरदर्शी और विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने वाला है। सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह से पत्रकारों ने कई सवाल भी किए जिसका उन्होंने बखूबी जवाब दिया। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, जिला उपाध्यक्ष एवं बजट कार्यक्रम के संयोजक मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष संतोष लोहानी, जिला महामंत्री अमित मिश्रा और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विनय केवट भी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments