मोहम्मद सईद
शहडोल 7 जून। वन्य जीव प्रेमियों के लिए वन्य प्राणियों को करीब से देखना एक सुखद अनुभव होता है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में रविवार को जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों के लिए उस समय रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, जब प्रसिद्ध नर बाघ "बजरंग" से अचानक आमना-सामना हो गया। बाघ को देखकर पर्यटक हैरान भी हुए और उत्साहित भी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टाइगर "बजरंग" कुछ देर तक रास्ते पर टहलता रहा और फिर अपनी मस्तानी चाल से सड़क को क्रास करके जंगल की ओर बढ़ गया। इस दौरान पर्यटकों को जंगल के राजा को बेहद करीब से देखने का यादगार अवसर मिला। कई लोगों ने इस यादगार पल को अपने कैमरों में भी कैद किया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने "खबरें अभीतक" को बताया कि रविवार सुबह से ही चरण गंगा नदी के पानी में "बजरंग"आराम कर रहा था। गर्मी के इस मौसम में नदी के बीचों-बीच विश्राम करते हुए बाघ को देखने का अवसर बड़ी संख्या में आए पर्यटकों को मिला।
उन्होंने बताया कि दोपहर तक बजरंग बाघ वहीं बना रहा और इस दौरान पर्यटकों ने उसके प्राकृतिक व्यवहार का शांतिपूर्वक आनंद लिया। क्षेत्र संचालक ने यह भी बताया कि विशेष बात यह रही कि सभी पर्यटक वाहन निर्धारित नियमों का पालन करते हुए क्रमबद्ध तरीके से चलते रहे। कहीं भी अनावश्यक शोर-शराबा या हड़बड़ी नहीं हुई, जिससे बाघ "बजरंग" पूरी तरह सहज और स्वाभाविक अवस्था में बना रहा। दोपहर के समय बजरंग बाघ पानी से बाहर निकला और अपनी विशिष्ट राजसी चाल में सड़क पार करते हुए अपने सामान्य विचरण क्षेत्र की ओर बढ़ गया।
उन्होंने बताया कि पर्यटकों की भारी तादात को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी ताला, वन परिक्षेत्र अधिकारी पर्यटन तथा अधीनस्थ स्टाफ पर्यटन जोन में वाहनों की लगातार मॉनिटर करते रहे।
ताला वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल किरार ने बताया कि आज का यह घटनाक्रम इस बात का अच्छा उदाहरण है, कि जब वन्यजीव संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन साथ-साथ चलते हैं, तब पर्यटकों को भी प्रकृति के वास्तविक स्वरूप को देखने का अवसर मिलता है। और वन्यजीव भी बिना किसी व्यवधान के अपने प्राकृतिक व्यवहार को जारी रख पाते हैं।


0 Comments