मोहम्मद सईद
शहडोल 25 अप्रैल। मान्यता प्राप्त रेल संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के साथ बिलासपुर रेल मंडल की वर्ष 2026 की प्रथम पीएनएम(स्थाई वार्ता तंत्र) बैठक 23, 24 व 25 अप्रैल को बिलासपुर मंडल रेल सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन ने की। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीना और एस श्रीनिवास भी उपस्थित रहे।बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा ने किया। बैठक में साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस, बिलासपुर के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री के नेतृत्व में केन्द्रीय पदाधिकारी कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव, संयुक्त महामंत्री बी कृष्ण कुमार, साई किरण, डी. डी. महेश, जी. एस.आईच, शुभम उपाध्याय, शाखा सचिव आर. के. यादव, एन. हेमंत कुमार, जावेद खान, बालकृष्ण बंगारी, पप्पू सिंह, सदाशिव पाण्डेय और जे. पी यादव सहित विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
यह महत्वपूर्ण निर्णय हुए
तीन दिवसीय स्थाई वार्ता तंत्र बैठक में जो महत्वपूर्ण निर्णय हुए उसमें इंजीनियर विभाग व सभी विभागों में ओटी देने हेतु ओटी रजिस्टर उपलब्ध होगा, 10 प्रतिशत इंटक कोटा की अधिसूचना जल्द जारी होगी, रनिंग स्टाफ का कोरबा, बृजराजनगर, सुरजपुर व अन्य स्थानों में माइलेज बढ़ाने की जल्द कार्यवाही होगी, स्पाउस ग्राउंड ट्रांसफर में जल्द कार्यवाही होगी प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके साथ ही रेलवे कर्मचारियों को मोबाइल वेन के लाइन डाक्टर द्वारा 05 दिनों का अनफिट मेमो जारी होगा, सभी असुरक्षित आवासों को तत्काल गिराया जाएगा, पेंड्रारोड़ सहित सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों में नए आवासों का निर्माण किया जाएगा आदि महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। उक्त जानकारी मजदूर कांग्रेस के जोनल प्रवक्ता गोपी राव ने दी।
79 एजेंडों पर विचार-विमर्श
तीन दिवसीय पीएनएम बैठक के दौरान कुल 79 एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिनमें 38 लंबित (पुराने), 30 नए एवं 11 विशेष एजेंडे शामिल थे। कई महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान बैठक के दौरान ही सुनिश्चित किया गया, जबकि शेष विषयों पर संबंधित विभागों को शीघ्र एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। इसी क्रम में आयोजित रनिंग स्टाफ मीटिंग में रनिंग कर्मचारियों से जुड़े 16 महत्वपूर्ण एजेंडों पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं, सुरक्षा एवं कल्याण से संबंधित विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर सहमति बनी।
कर्मचारियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध हैं-डीआरएम
बैठक को संबोधित करते हुए डीआरएम राकेश रंजन ने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही मजदूर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधिसम्मत एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


0 Comments