Ticker

6/recent/ticker-posts

बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, लोगों में आक्रोश

 

मोहम्मद सईद

शहडोल 25 मई। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर (बाबा साहब) की प्रतिमा से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी लगी लोग प्रतिमा स्थल के आसपास एकत्र होने लगे और जय भीम, जय संविधान तथा बाबा साहब अमर रहे का नारा लगाने लगे। बाबा साहब की प्रतिमा से छेड़छाड़ किए जाने को लेकर लोगों में जमकर आक्रोश व्याप्त है। सूचना के बाद तत्काल प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामला उमरिया जिला अंतर्गत नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 12 डंडी टोला का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 12 डंडी टोला स्थित डंडी चौराहा में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। बीती रात कुछ उपद्रवियों द्वारा प्रतिमा के चेहरे के कुछ हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। साथ ही एक हाथ में दरार आ गई। सुबह जैसे ही लोगों की नजर बाबा साहब की क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी वहां लोग एकत्र होकर नाराजगी व्यक्त करने लगे। इसी बीच कुछ लोगों ने इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को भी दे दी। सूचना के कुछ देर बाद मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले, तहसीलदार पंकज नयन तिवारी, नायब तहसीलदार सनथ सिंह, रामलाल पनिका, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा और पटवारी सतीश कोल डंडी चौराहा पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने क्षतिग्रस्त प्रतिमा में सुधार कार्य कराया। यहां इस समय पुलिस बल भी तैनात है।

थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले ने बताया कि संजू चौधरी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 298, 324(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना की का रही है। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद मानपुर  के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि प्रतिमा स्थल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही नगर परिषद की आगामी बैठक में प्रतिमा स्थल पर छतरी एवं रेलिंग निर्माण का प्रस्ताव रखकर आवश्यक कार्य कराया जाएगा। 

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है, कि इसकी निष्पक्ष रूप से जांच कर दोषियों की जल्द से जल्द पहचान की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। नागरिकों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।

Post a Comment

0 Comments