मोहम्मद सईद
शहडोल 3 अक्टूबर। वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शनिवार को खेल और वन्यजीव संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का भ्रमण कर वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। नीरज चोपड़ा और गगन नारंग ने जंगल सफारी का आनंद लेने के साथ वन अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ से बाघ संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और ईको-टूरिज्म से जुड़े प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जंगल की जैव विविधता को करीब से देखा और वन्यजीवों के संरक्षण में मैदानी अमले की भूमिका को समझा। वन्यजीव सप्ताह 1 से 7 अक्टूबर के तहत आयोजित कार्यक्रम में दोनों खेल हस्तियों ने रिजर्व के कोर गेट पर लगाए गए ‘सिग्नेचर कैंपेन-प्लेज बोर्ड’ पर हस्ताक्षर कर वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर “Wildlife Thrives When We Care” और “Connecting Habitats, Thriving Wildlife” जैसे संदेशों के माध्यम से प्रकृति और वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। खेल जगत के इन दो दिग्गजों की मौजूदगी ने बांधवगढ़ के वन्यजीव सप्ताह को यादगार बना दिया।
वनरक्षकों से किया संवाद
दोनों खिलाड़ियों ने प्रशिक्षु वनरक्षकों से भी संवाद किया। उन्होंने वनकर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने के साथ अपने स्वास्थ्य और फिटनेस पर ध्यान देना भी जरूरी है। उन्होंने सभी वन कर्मियों को समय निकालकर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
हस्ताक्षर अभियान से दिया पर्यटन का संदेश
प्लेज बोर्ड के माध्यम से वन्यजीवों का सम्मान करने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने, जंगल को स्वच्छ एवं शांत रखने तथा जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। नीरज चोपड़ा और गगन नारंग की भागीदारी ने वन्यजीव सप्ताह के अभियान को नई पहचान दी और संरक्षण के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।



0 Comments