मोहम्मद सईद
शहडोल 23 मई। विश्व विख्यात बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इस समय ग्रीष्म कालीन गिद्ध गणना चल रही है। गणना के दूसरे दिन विभिन्न प्रजाति के 341 गिद्ध देखे गए हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वस्ति श्री जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश में गिद्धों की कुल 7 प्रजातियां मुख्य रूप से पाई जाती हैं। दूसरे दिन की गणना में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 4 प्रजाति देशी गिद्ध, सफेद पीठ गिद्ध, इजिप्शियन गिद्ध और राज गिद्ध के कुल 341 गिद्ध देखे गए हैं। इनमें 322 वयस्क और 19 अवयस्क गिद्ध प्रत्यक्ष रूप से देखे गए हैं।
जानकारी के अनुसार गणना के पहले दिन 22 मई को 5 प्रजाति के 287 गिद्ध देखे गए थे। पहले दिन काला गिद्ध भी देखा गया, जिसे विशेष प्रजाति का माना जाता है। इस तरह दो दिन में कुल 628 गिद्ध देखे गए हैं।
बैठे हुए गिद्धों की गिनती की गई
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के 9 परिक्षेत्रों में से 7 परिक्षेत्रों में गिद्धों की उपस्थिति एवं रहवास होना पाया गया जो कि बांधवगढ़ के स्वस्थ पारिस्थितिकीय तंत्र का परिचायक है। उन्होंने बताया कि गणना में केवल बैठे हुए गिद्धों की गिनती की गई जिसमे 7 सौ से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित रहे। उन्होंने यह भी बताया कि गिद्धों की यह गिनती 24 मई को भी की जाएगी।
क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने बताया कि
उक्त गणना कार्य का उद्देश्य गिद्धों की संख्या में हो रही बढ़ोत्तरी को देखना, अध्ययन करना एवं उसके अनुरूप गिद्धों के संरक्षण एवं संवर्धन की रणनीति तैयार करना है, ताकि गिद्धों की संख्या में उत्तरोत्तर वृद्धि सुनिश्चित करते हुए वन्य जीव संरक्षण एवं जैव विविधता का विकास अनवरत जारी रखा जा सके।
ऐप में दर्ज हो रही जानकारी
क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि इस बार के Summer Vulture Census 2026 की जानकारी निर्धारित प्रपत्रों के साथ साथ MP Summer Vulture Census 2026 app पर भी की जा रही है। जिसमे गणनाकर्ता गिद्धों के रहवास स्थल से सीधे app में देखे गए गिद्धों की संख्या, प्रजाति एवं वयस्क/अवयस्क होने संबंधी जानकारी फ़ोटो के साथ दर्ज कर रहे हैं, जिससे जानकारी का संकलन एवं सटीकता समीचीन रूप में सुनिश्चित की जा सकेगी।


0 Comments