मोहम्मद सईद
शहडोल 6 जुलाई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में वन्य जीवों के प्रति लापरवाही और नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। एक पर्यटक कार से उतरकर चीतल को केला खिलाता नजर आया। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के संज्ञान में आते ही अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसे तलाश लिया। वन विभाग ने उसके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण संबंधी विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी बनाया और सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया। वायरल वीडियो में जिस स्थान पर केला खिलाया गया, उस स्थान की पहचान बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मगधी गेट के सामने की हुई। चीतल को केला खिलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के संज्ञान में आया था। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय से मिली जानकारी के अनुसार बांधवगढ़ प्रबंधन ने उक्त वीडियो को संज्ञान में लेते हुए तत्काल जांच प्रारम्भ की जिसके फलस्वरूप अनूप मिश्रा ग्राम बेलिया बड़ी, तहसील कोतमा, जिला अनूपपुर को 06 जून को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं को अधिरोपित करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
ऐसे कृत्य कदापि न करें-डॉ. सहाय
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि कोर क्षेत्र में वाहन से उतरना और वन्य जीवों को भोजन खिलाना नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे कृत्य न केवल वन्य जीवों के प्राकृतिक व्यवहार को प्रभावित करते हैं, बल्कि पर्यटकों और वन्य जीवों दोनों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने लोगों से अपील की है, कि वे ऐसे कृत्य कदापि न करें और निर्धारित नियमों का पालन करें तथा वन्य जीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

0 Comments