Ticker

6/recent/ticker-posts

वित्तीय अनियमितताओं में नप गए सीईओ, रीवा किए गए अटैच

मोहम्मद सईद

शहडोल 23 जुलाई। गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के चलते जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) संतोष कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया प्रमाण मिलने के बाद मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक भोपाल द्वारा यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रीवा की संभागीय शाखा से संबद्ध (अटैच) किया गया है। सीईओ का अतिरिक्त प्रभार कैडर अधिकारी एवं प्रबंधक (प्रशासन) जगदीश चन्द्र उईके को सौंपा गया है। ऐसी जानकारी मिली है कि अधिवक्ता कुणाल ठाकुर की शिकायत पर गठित दो सदस्यीय जांच दल की अंतरिम रिपोर्ट में मुख्य कार्यपालन अधिकारी संतोष कुमार यादव को दोषी पाया गया है। 


यह है प्रमुख आरोप

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संतोष कुमार यादव पर जो गंभीर और वित्तीय अनियमितताओं के  आरोप हैं, उनमें वर्ष 2023-24 में धान खरीदी (उपार्जन) के दौरान शासन द्वारा तय की गई आधिकारिक खर्च सीमा (व्यय सीमा) से कहीं अधिक राशि कागजों पर दर्शाई गई, जिसमें बड़े पैमाने पर वित्तीय हेरफेर की आशंका है। 
सीईओ पर यह गंभीर आरोप है कि उन्होंने फील्ड कर्मचारियों पर दबाव बनाकर शासकीय व बैंक की धनराशि को अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवाया। ऐसा बताया जा रहा है कि बैंक के अंतर्गत नवनियुक्त हुए समिति प्रबंधकों से भी कथित रूप से बड़ी रकम मुख्य कार्यपालन अधिकारी के व्यक्तिगत खातों में ट्रांसफर कराने के प्रमाण प्रारंभिक जांच में मिले हैं। जांच दल की अंतरिम रिपोर्ट में इन सभी आरोपों की प्रथम दृष्टया (प्रारंभिक रूप से) पुष्टि हुई है, जिसके बाद अपैक्स बैंक के प्रबंध संचालक मनोज कुमार गुप्ता ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं। 

Post a Comment

0 Comments