Ticker

6/recent/ticker-posts

नशे के खिलाफ शहडोल पुलिस की मुहिम, एसपी डॉ. संजय अग्रवाल ने लगाई चौपाल


मोहम्मद सईद

शहडोल 24 जुलाई। पुलिस द्वारा इस समय 
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत
जिले भर में जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जागरूकता अभियान के तहत पुलिस अधिकारी और जवान आमजन के बीच पहुंचकर नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसी कड़ी में गत दिवस जैतपुर थाना अंतर्गत भटिया में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने भी शिरकत की।
ग्राम चौपाल में पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने उपस्थित ग्रामीणों, जन प्रतिनिधियों, युवाओं और महिलाओं से संवाद स्थापित करते हुए नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।


पुलिस अधीक्षक डॉ. अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन तथा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी गंभीर एवं प्रतिकूल प्रभाव
डालता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशे के विरुद्ध जन आंदोलन का सक्रिय हिस्सा बनने, स्वयं नशा मुक्त रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। ग्राम चौपाल में जैतपुर थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के साथ ही जैतपुर थाना का स्टॉफ भी उपस्थित रहा।

Post a Comment

0 Comments