मोहम्मद सईद
शहडोल 30 अगस्त। सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के तत्वावधान में मदरसे में अध्ययनरत तलबा एवं बच्चों के लिए विशेष इस्लामी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने इस्लाम, दीनी तालीम और धार्मिक विषयों से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बच्चों के बीच एक-दूसरे से प्रश्न पूछने और उत्तर देने की रोचक प्रतियोगिता भी हुई। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह नजर आया। कुछ बच्चों ने दीनी जानकारी के साथ मौजूदा सामाजिक एवं दुनियावी हालात पर भी अपने विचार रखे, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के अध्यक्ष मकसूद खान बाबा के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम संयोजक एवं मदरसा संचालक मोहम्मद अशफाक लल्लू और कमेटी के सहयोगियों के सहयोग से आयोजित हुआ। नमाज-ए-मगरिब के बाद शुरू हुआ कार्यक्रम काफी देर तक चला। इसमें धनपुरी नगर के नागरिकों के अलावा अंजुमन कमेटी के पदाधिकारी-सदस्य तथा राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के समापन के बाद मदरसे के सभी छात्र-छात्राओं एवं तलबा को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कुरआन-ए-पाक हिफ्ज कर हाफिज बनने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। वहीं कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार वितरण हाजियों के हाथों कराया गया।
इनका रहा सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में अशफाक सिद्दीकी, असलम मामा, मोजम खान, जुल्फिकार अली सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर समाज सेवी राशिद खान, नूरी मस्जिद के सदर शाहनवाज अंसारी, मदीना जमा मस्जिद के सदर मोहम्मद फरीद सहित धनपुरी के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन कलाम मोहम्मद एडवोकेट ने किया, जबकि मौलाना अशफाक रिजवी ने दुआ कराई। धनपुरी नगर की विभिन्न मस्जिदों के पेश इमाम भी मंच पर मौजूद रहे। वरिष्ठ नागरिक मोहम्मद रफीक खान, राजू कलाम मोहम्मद, बुढ़ार के शौकत अली, नवाब मोहम्मद, हाफिज कलीम, तबरेज खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
अतिथियों ने आयोजन को सराहा
उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में दीनी जानकारी के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने और शिक्षा के प्रति रुचि पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में कार्यक्रम संयोजक मोहम्मद अशफाक लल्लू ने सभी अतिथियों, नागरिकों, कमेटी सदस्यों एवं सहयोगियों का शुक्रिया अदा करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।


0 Comments