Ticker

6/recent/ticker-posts

टाइगर के सामने इंसानी हुजूम, बेहद आक्रामक दिखा जंगल का राजा


मोहम्मद सईद 
शहडोल 29 अगस्त। शहडोल से कटनी जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घुनघुटी के जंगल क्षेत्र में एक ढाबे के पास सड़क किनारे जंगल में एक टाइगर नजर आ गया। टाइगर सड़क पार करने की तैयारी में था, लेकिन राहगीरों और वाहन चालकों की नजर उस पर पड़ते ही मौके पर वाहनों का जमावड़ा लग गया। टाइगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन रोककर सड़क पर खड़े हो गए। देखते ही देखते टाइगर के चारों ओर लोगों और वाहनों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाने लगे, तो कुछ लोग तेज आवाजें निकालकर और वाहनों में तेज म्यूजिक बजाकर टाइगर को देखने की कोशिश करते रहे। इस पूरे घटना क्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल है।

भीड़ बढ़ी तो टाइगर ने बदला रुख

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि अपने आसपास लगातार बढ़ती भीड़ और शोर से परेशान टाइगर ने आखिरकार अपनी जगह से आगे बढ़ना शुरू किया। इसके बाद भी लोगों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। कई वाहन चालक अपनी कारें लेकर टाइगर के साथ-साथ सड़क पर चलने लगे। लोगों की इस हरकत से टाइगर तनाव में आ गया और उसका व्यवहार आक्रामक हो गया। वीडियो में भी दिखाई दे रहा है कि वह लोगों और वाहनों से खुद को दूर करने की कोशिश करता है। एक समय टाइगर अचानक गुस्से में आकर बैठ जाता है और एक कार चालक की ओर हमला करने की कोशिश करता नजर आता है। इससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

दिखा लोगों का गैर-जिम्मेदाराना रवैया

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल वीडियो में टाइगर के आसपास बड़ी संख्या में वाहन और लोग दिखाई दे रहे हैं। कई लोग तेज आवाज कर रहे हैं, जबकि कुछ वाहनों में तेज आवाज में म्यूजिक बजता हुआ भी सुनाई दे रहा है।
टाइगर लगातार भीड़ से दूरी बनाने की कोशिश करता नजर आता है। बावजूद इसके लोग उसके बेहद करीब तक वाहन लेकर पहुंचते रहे। वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक जंगली जानवर को इस तरह घेरना बेहद खतरनाक स्थिति पैदा कर सकता है।

इस तरह घेरना खुद को खतरे में डालना

वन्य जीव विशेषज्ञों का कहना है, कि किसी टाइगर को देखकर उसके आसपास भीड़ जमा करना, हॉर्न या तेज आवाज करना और उसका पीछा करना गंभीर रूप से खतरनाक हो सकता है। लगातार शोर और घेराव के कारण टाइगर खुद को असुरक्षित महसूस कर सकता है और बचाव में इंसानों पर हमला कर सकता है। विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि जंगल अथवा हाईवे के आसपास वन्यजीव दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें, वाहन रोककर रास्ता न घेरें, तेज आवाज न करें और जानवर का पीछा करते हुए वीडियो बनाने से बचें। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी को देखने के लिए इंसानों की बढ़ती उत्सुकता कहीं उनके लिए ही खतरा न बन जाए।

Post a Comment

0 Comments