Ticker

6/recent/ticker-posts

सलाखें हार गईं, रिश्ते जीत गए, जेल में बहनों ने भाइयों को बांधी राखी


मोहम्मद सईद
 
शहडोल 28 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला जेल शहडोल में भावनाओं से भरा माहौल देखने को मिला। जेल में निरुद्ध बंदी भाइयों की कलाई पर उनकी बहनों ने तिलक लगाकर राखी बांधी और भाई-बहन के अटूट स्नेह को जीवंत किया। लंबे समय बाद अपनों से प्रत्यक्ष मुलाकात का अवसर मिलने पर कई बंदियों और उनके परिजनों की आंखें नम हो गईं।
जिला जेल शहडोल के अधीक्षक भास्कर पाण्डेय ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन जेल विभाग एवं जेल मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार रक्षाबंधन के अवसर पर बंदियों को उनके भाई-बहनों से विशेष प्रत्यक्ष मुलाकात की सुविधा उपलब्ध कराई गई। 28 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला जेल में यह विशेष मुलाकात आयोजित की गई।
जेल अधीक्षक श्री पांण्डेय ने बताया कि इस दौरान 180 पुरुष बंदियों और 8 महिला बंदियों सहित कुल 188 बंदियों से उनके परिजन प्रत्यक्ष रूप से मिले। भाई-बहन के इस पवित्र पर्व पर बहन-भाई एवं बच्चों सहित कुल 785 परिजनों ने जेल पहुंचकर अपने प्रियजनों से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधकर सुख-समृद्धि एवं बेहतर भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प दोहराया। जेल परिसर में इस दौरान पारिवारिक भावनाओं और आत्मीयता का अनूठा संगम देखने को मिला। जेल प्रशासन द्वारा मुलाकात के लिए आने वाले बहन-भाइयों को अपने साथ केवल राखी और रूमाल लाने की अनुमति दी गई थी। इसके अतिरिक्त फल, मिठाई, नारियल एवं अन्य वैध सामग्री जेल की कैंटीन से खरीदकर लाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

Post a Comment

0 Comments