मोहम्मद सईद
शहडोल 27 नवंबर। बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के वन परिक्षेत्र मानपुर (बफर) अंतर्गत गोबराताल बीट में वन विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बीमार नर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नियमित गश्ती के दौरान कक्ष क्रमांक पी एफ-375 में लगभग डेढ़ से दो वर्ष आयु का नर तेंदुआ अस्वस्थ अवस्था में दिखाई दिया। तेंदुए को चलने-फिरने में कठिनाई हो रही थी, जिसके बाद तत्काल वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व प्रबंधन की टीम एवं वन्य प्राणी रेस्क्यू दल बिना विलंब किए मौके पर पहुंचा। टीम ने क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाते हुए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की। अनुभवी वनकर्मियों और विशेषज्ञों के समन्वित प्रयासों से बीमार नर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ अनुपम सहायएवं उप संचालक योजन कटारा की उपस्थिति और वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान संपन्न किया गया। रेस्क्यू के तत्काल बाद डॉ. तोमर द्वारा तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया तथा उसकी स्थिति को देखते हुए आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। तेंदुए की बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाने और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विस्तृत प्रयोगशाला जांच के लिए आवश्यक जैविक नमूने भी एकत्रित किए गए हैं। इन नमूनों को विशेष वाहक के माध्यम से नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर भेजा गया है। इस रेस्क्यू अभियान में सहायक संचालक मानपुर आर एन विश्वकर्मा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर (बफर) सहित मैदानी वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विशेषज्ञ की निगरानी में तेंदुआ
फिलहाल रेस्क्यू किए गए नर तेंदुए को बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व की विशेषज्ञ टीम की निगरानी में रखा गया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉक्टर सहाय ने बताया कि तेंदुए के स्वास्थ्य, उपचार और शारीरिक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तेंदुए की स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप आगे की चिकित्सकीय एवं प्रबंधन संबंधी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व प्रबंधन वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है।

0 Comments