Ticker

6/recent/ticker-posts

मौका पाते ही बारात घर से उड़ा ली थी बाइक, पुलिस के हत्थे चढ़े चोर

मोहम्मद सईद

शहडोल 7 जून। बारात घर के सामने खड़ी बाइक को मौका पाते ही चोरों ने उड़ा लिया था। लेकिन उनके मंसूबे ज्यादा दिन तक सफल न हो सके और जिले की ब्यौहारी पुलिस ने एक दिन में ही चोरों को धर लिया। पुलिस ने इन चोरों के पास से दो बाइक भी बरामद की है। ब्यौहारी पुलिस ने बताया कि फरियादी मोहम्मद रसीद निवासी वार्ड क्रमांक 11 ब्यौहारी ने 6 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 5 जून को केसरी पैलेस में शादी समारोह कार्यक्रम में काम करने गया था और उसने अपनी मोटर साइकिल पैलेस ले बाहर खड़ी कर दी थी। लेकिन रात करीब 12 बजे घर जाने के बाहर आया तो मोटर साइकिल वहां नही थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना ब्यौहारी में धारा 303(2) बीएनएस. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। इसी प्रकार 14 अप्रैल को फरियादी बिहारीलाल कोल निवासी जमोड़ी द्वारा ब्यौहारी बाजार से मोटर साइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर थाना में धारा 303(2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

सीसीटीवी ने खोले राज

पुलिस ने विवेचना के दौरान केशरी पैलेस में लगे सीसीटीव्ही कैमरे के आधार पर प्रिंस पटेल उम्र 22 वर्ष निवासी मुख्तियार गंज थाना कोतवाली जिला सतना हाल गोदावल तिराहा ब्यौहारी और अभिषेक उर्फ गोलू सोनी उम्र 19 वर्ष निवासी बस स्टैण्ड ब्यौहारी को चिन्हित कर तलाश की और जब दोनों से घटना के संबंध मे पूछताछ की तो उन्होंने घटना घटित करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने चोरी गई दोनों मोटर साइकिल को आरोपी प्रिंस पटेल के किराए के मकान से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 अलग-अलग अपराधों में चोरी गई 02 मोटर साइकिल कीमत करीबन 1 लाख 25 हजार रुपए बरामद कर दोनों प्रिंस पटेल और अभिषेक उर्फ गोलू सोनी को 07 जून को गिरफ्तार कर लिया। 

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

उक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक शहडोल राम जी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी. ब्यौहारी के दिशा निर्देशन में थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक अरूण कुमार पाण्डेय, उनि वीरेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र उपाध्याय, आरक्षक संजय द्विवेदी, त्रिलोक सिंह, अमृत यादव और अजीत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments