Ticker

6/recent/ticker-posts

पर्यटन की संभावनाओं को अवसर में बदलेगा कॉन्क्लेव-उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

मोहम्मद सईद

रीवा 25 जुलाई। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि 26 और 27 जुलाई को रीवा में आयोजित पर्यटन कॉन्क्लेव में विन्ध्य के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा पर्यटन स्थलों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। पर्यटन से जुड़े होटल उद्योग, वाहन उद्योग, सांस्कृतिक तथा सामाजिक संगठन, टूर आपरेटर्स, टूरिस्ट गाइड आदि भी इसमें शिरकत करेंगे। पर्यटन के विकास से विन्ध्य में रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा। कॉन्क्लेव में दूसरे दिन पर्यटन के विकास से जुड़े विभिन्न आयामों पर विचार मंथन किया जाएगा। कॉन्क्लेव में 500 से अधिक डेलिगेट्स रीवा आ रहे हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में सुरम्य प्राकृतिक स्थल, मनोहारी जलप्रपात, भव्य मंदिर और ऐतिहासिक इमारते हैं। विन्ध्य में कई टाईगर रिजर्व और अभ्यारण्य पर्यटन के बड़े केन्द्र हैं। यहाँ की प्रचुर वन संपदा, नदियाँ और अन्य प्राकृतिक स्थल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। विन्ध्य में मैहर में माँ शारदा माता का मंदिर, चित्रकूट धाम, देवतालाब और रीवा के शिव मंदिर लाखों लोगों की आस्था के केन्द्र हैं। आज विन्ध्य में चारों ओर फोरलेन सड़कें, रेलवे और हवाई सेवा की उपलब्धता है। अच्छे होटलों का तेजी से विकास हो रहा है। विन्ध्य शीघ्र ही पर्यटन में तेजी से विकास करेगा। रीवा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 26 जुलाई को पर्यटन कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे। यह दो दिवसीय पर्यटन कॉन्क्लेव विन्ध्य में पर्यटन को नया आयाम देगी।

कॉन्क्लेव के संबंध में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने समीक्षा बैठक ली, जिसमें कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने पर्यटन कॉन्क्लेव के प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री 26 जुलाई को कॉन्क्लेव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कॉन्क्लेव में 27 जुलाई को अलग-अलग तीन दलों द्वारा पर्यटन विकास के विभिन्न आयामों पर चर्चा की जाएगी। दोपहर 2 बजे के बाद इन दलों द्वारा पुरवा जलप्रपात, बसामन मामा गौ वन्य विहार अभ्यारण्य तथा रीवा में बघेला म्यूजिम किला एवं महामृत्युंजय मंदिर का भ्रमण किया जाएगा। कॉन्क्लेव में बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के साथ-साथ पर्यटन व्यवसाय से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। कॉन्क्लेव में संभाग के सभी जिलों का भी समुचित प्रतिनिधित्व रहेगा। 

बैठक में यह भी रहे शामिल

बैठक में अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर बीएस जामोद, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, वन मण्डलाधिकारी लोकेश निरापुरे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

1 Comments

  1. पर्यटन कांक्लेव से केवल रीवा संभाग का ही फायदा होगा। विंध्य के नाम पर शहडोल संभाग वालों को कुछ नहीं मिलता है। समाचार में देखेंगे तो रीवा के पर्यटन स्थल ही बताए गए हैं शहडोल संभाग के पर्यटन स्थलों के बारे में उल्लेख नहीं है। शहडोल संभाग के सांसद विधायकों को भी पर्यटन की संभावनाओं पर अपना पक्ष रखना चाहिए।

    ReplyDelete