मोहम्मद सईद
शहडोल 24 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के शहडोल जिले के शेष बचे हुए पांचों भाजपा मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। इसमें ब्यौहारी मंडल में विनय गुप्ता मोनू, सोहागपुर मंडल में मृदुल मिश्रा, गोहपारू मंडल में राजीव शर्मा अन्नू, बुढ़ार मंडल में अर्जुन सोनी और धनपुरी मंडल से अजय शर्मा को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय अटल निलय में भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा और अन्य पदाधिकारियों द्वारा स्वागत-अभिनंदन किया गया। पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों को बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा कि आपको जो जिम्मेदारी मिली है, उसका पूरी कर्मठता से निर्वहन करें।उन्होंने मंडल अध्यक्षों से कहा कि शक्ति केंद्र को मजबूत कर और बूथों की समितियों का गठन कर संगठन को मजबूती प्रदान करना है।
अध्यक्ष बनना आसान, निभाना कठिन
जिला अध्यक्ष श्रीमती चपरा ने यह भी कहा कि सभी मंडल अध्यक्षों को वरिष्ठ जनों से समन्वय के आधार पर एक सप्ताह के अंदर मंडल कार्य समिति तैयार कर कार्य समिति की घोषणा करना है। उन्होंने यह भी कहा कि मन की बात को शत प्रतिशत बूथों पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष बनना आसान है, उसे निभाना कठिन। यह आपकी परीक्षा है, अब चुनौतियां शुरू हुई है, इसलिए एक जुटता के साथ संगठन हित के लिए कार्य करें और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
यह भी रहे मौजूद
अभिनंदन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र मिश्रा, जिला महामंत्री संतोष लोहानी, वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधर प्रताप सिंह व प्रकाश जगवानी, पार्षद राकेश सोनी, जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता, शत्रुघ्न पटेल, ब्यौहारी नगर परिषद के अध्यक्ष राजन गुप्ता, अमित मिश्रा, विनय केवट, प्रियम त्रिपाठी और अमित गुप्ता बंटी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

.jpg)
0 Comments