Ticker

6/recent/ticker-posts

युवाओं के लिए देशभक्ति की अनुभव यात्रा का मौका

मोहम्मद सईद 

शहडोल, 13 सितंबर। राष्ट्रवाद की भावना से युवाओं को जोड़ने और देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के तहत शहडोल जिले में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक एवं पात्र युवक-युवतियां 22 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड से 10 युवाओं का चयन किया जाएगा। इनमें 5 युवक और 5 युवतियां शामिल होंगी। चयनित युवाओं को अनुभव यात्रा पर भेजा जाएगा, जहां उन्हें देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं, सीमा पर तैनात जवानों की सैन्य गतिविधियों और दिनचर्या को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं को प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भौगोलिक स्थलों से भी परिचित कराया जाएगा।
पांच वर्गों से होगा चयन
विकासखंड स्तर पर युवाओं का चयन निर्धारित वर्गों के आधार पर किया जाएगा। इनमें एक NCC, एक NSS, एक खिलाड़ी, एक मेधावी छात्र तथा एक स्काउट-गाइड वर्ग से युवक का चयन होगा। इसी प्रकार युवतियों का भी इन्हीं वर्गों से चयन किया जाएगा।
योजना के लिए आवेदक की आयु 15 से 25 वर्ष होना आवश्यक है। साथ ही पात्र युवक-युवतियों का संबंधित NCC, NSS, खेल, मेधावी छात्र अथवा स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़ा होना अनिवार्य है।

लॉटरी से होगा अंतिम चयन

प्राप्त आवेदनों का विकासखंड स्तर से जिला स्तर पर सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा लॉटरी के माध्यम से अंतिम चयन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होंगे। साथ ही पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक सहित NCC, NSS, स्काउट-गाइड, चिन्हित महाविद्यालय के जिला प्रभारी तथा जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी समिति में शामिल रहेंगे।
चयनित युवाओं से अनुभव यात्रा के लिए निर्धारित प्रपत्र के साथ फिटनेस/चिकित्सा प्रमाण-पत्र, जोखिम संबंधी सहमति तथा संबंधित थाने से चरित्र प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाएगा। ये प्रमाण-पत्र केवल चयनित युवाओं से ही लिए जाएंगे। योजना की महत्वपूर्ण शर्त के अनुसार किसी चयनित युवा को केवल एक बार ही अनुभव यात्रा में भेजा जाएगा। पूर्व में अनुभव यात्रा कर चुके युवाओं का दोबारा चयन नहीं किया जाएगा। यदि कोई चयनित युवा यात्रा पर जाने से असहमति व्यक्त करता है, तो उसे भविष्य की किसी अन्य अनुभव यात्रा में भी शामिल नहीं किया जाएगा।
इच्छुक युवा आवेदन पत्र www.dsywmp.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, स्टेडियम के पास, शहडोल से भी आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Post a Comment

0 Comments