मोहम्मद सईद
शहडोल, 21 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में स्थानीय कांग्रेस भवन में बुधवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर कांग्रेस नेताओं ने माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी एक ऐसी शख़्सियत थे, जिन्होंने ज़मीन पर ही नहीं, बल्कि दिलों पर भी हुकूमत की। वे भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन हमारे दिलों में आज भी ज़िंदा हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री अवस्थी ने कहा कि राजीव गांधी ने उन्नीसवीं सदी में इक्कीसवीं सदी के भारत का सपना देखा था। राजीव जी बार-बार कहते थे कि भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ ही उनका अन्य बड़ा मक़सद इक्कीसवीं सदी के भारत का निर्माण है। श्री अवस्थी ने कहा कि देश में संचार क्रांति और कम्प्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार, 18 साल के युवाओं को मताधिकार और पंचायती राज आदि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की ही देन है।
अद्भुत निर्णय क्षमता वाले नेता-कटारे
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश कटारे ने कहा कि राजीव जी देश की कम्प्यूटर क्रांति के जनक के रूप में भी जाने जाते हैं। वे युवाओं के लोकप्रिय नेता थे। उनका भाषण सुनने के लिए लोग घंटों इंतज़ार किया करते थे। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में कई ऐसे महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए जिसका असर देश के विकास में देखने को मिल रहा है। आज हर हाथ में दिखने वाला मोबाइल फोन भी स्व• राजीव जी की ही देन है। उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी के आधुनिक विचारों की छाप उनके सुधारवादी कार्यों में देखी जा सकती है। आधुनिक सोच और अद्भुत निर्णय क्षमता वाले भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के विचार आज भी हम सभी का मार्गदर्शन करते हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी और पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम ने कहा कि राजीव गांधी भारत के एक महान सपूत थे जिन्होंने लाखों भारतीयों में आशा जगाई। उनके दूरदर्शी और साहसी हस्तक्षेप भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में सहायक थे। शिक्षक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राम नरेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्र मरावी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश अग्रवाल, एडवोकेट अनुज मिश्रा और अनूप सिंह ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
शीर्ष नेतृत्व का आभारी हूं-अवस्थी
कार्यक्रम के दौरान ही शहडोल के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी का वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने माल्यार्पण एवं शाल, श्रीफल से स्वागत किया। नव नियुक्त जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है मैं उस पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयत्न करुंगा। श्री अवस्थी ने यह भी कहा कि जिले के समस्त वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मार्गदर्शन, उनकी राय एवं उनका अनुभव प्राप्त करूंगा, जिससे की आगामी समय में संगठन को उस मुकाम तक पहुंचाया जा सके जिसका सपना राहुल गांधी ने देखा है।
कार्यक्रम में यह भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन पीयूष शुक्ला एवं शिव शंकर शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता रविंद्र तिवारी, पूर्व पार्षद प्रभात पाण्डेय, एडवोकेट अनुज मिश्रा, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव आशीष तिवारी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, जनपद सदस्य अभिषेक द्विवेदी, हरिमोहन तिवारी, संजय पटेल, रवि शेखर राव, प्रीतम दास सोनी, जयकरण सिंह, दलप्रताप सिंह, प्रेम धारी सिंह मार्को, ललन सिंह और महफूज अली सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।



0 Comments