मोहम्मद सईद
शहडोल, 30 अगस्त। शहडोल और मनेंद्रगढ़ रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाई जाएगी, शहडोल व अनूपपुर सहित सभी जगह कमर्शियल विभाग में 12 घंटे के बजाए 08 घंटे का रोस्टर लागू होगा और ट्रैक मेंटेनर के बचे हुए पेट्रोलिंग बीट को 16 किलोमीटर से 12 किलोमीटर करने के साथ ही कई अन्य निर्णय लिए गए हैं। 28 व 29 अगस्त को बिलासपुर डीआरएम सभागार में हुई दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल प्रशासन व एकल मान्यता प्राप्त संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के मध्य द्वितीय पीएनएम (स्थाई वार्ता तंत्र) की बैठक में यह निर्णय लिए गए। पीएनएम (स्थाई वार्ता तंत्र) बैठक के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर (डी आर एम) राजमल खोईवाल रहे, जबकि अध्यक्षता अपर रेल प्रबंधक योगेश कुमार देवांगन ने की। दो दिवसीय पीएनएम बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी बिलासपुर डॉ.अंशुमन मिश्रा व मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती रुहिना तौफिल खान ने किया।
इन नेताओं ने रखी मांगें
रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव, संयुक्त महामंत्री बी कृष्ण कुमार, अतिरिक्त संयुक्त महामंत्री राजेश खोबरागड़े, अर्बन बैंक के डॉयरेक्टर आर के यादव सहित बिलासपुर मंडल के सभी शाखा सचिवों ने बैठक में शामिल होकर अपने-अपने रेल क्षेत्र की समस्याओं पर व्यापक चर्चा कर निराकरण की मांग की।
मजदूर कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डीआरएम बिलासपुर राजमल खोईवाल ने कहा कि मान्यता प्राप्त संगठन मजदूर कांग्रेस हमेंशा रेल के अंतिम सिरे के रेल कर्मचारियों की समस्याओं को रेल प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर मंडल रेल प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए गंभीर है।
96 मुद्दों पर हुई चर्चा व निर्णय
रेलवे मजदूर कांग्रेस शाखा शहडोल के सचिव बालकृष्ण बंगारी ने बताया की पीएनएम बैठक में 96 मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा कर जो निर्णय लिए गए हैं उनमें प्रमुख रूप से बिलासपुर रेल मंडल में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों के लिए सभी विभागीय कार्यालय में महिला टायलेट का एक स्पेशल प्रस्ताव बनाकर बजट पास कराया जाएगा, रनिंग कर्मचारियों के लिए 120 गारंटी किलोमीटर साइडिंग भत्ता दिलाने हेतु क्षेत्र चिन्हित कर आदेश जारी किया जाएगा, वेज नानवेज खाने की हेतु अलग-अलग किचन बनाकर दोनों व्यवस्था दी जाएगी, ट्रैक मेंटेनर के बचे हुए पेट्रोलिंग बीट को 16 किलोमीटर से 12 किलोमीटर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही ट्राफिक असिस्टेंट के खाली पदों को भरा जाएगा, शहडोल, मनेंद्रगढ़ रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाई जाएगी, सिग्नल विभाग में नई भर्ती कर रोस्टर लागू किया जाएगा, शिवप्रसाद नगर स्टेशन सहित अन्य स्टेशन में स्टेशन मास्टर के लिए रेस्ट हाउस की सुविधा दी जाएगी और शहडोल व अनूपपुर सहित सभी जगह कमर्शियल विभाग में 12 घंटे के स्थान पर 08 घंटे का रोस्टर लागू होगा।


0 Comments