Ticker

6/recent/ticker-posts

नया साल मनाने पर्यटकों की पसंद बना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व

मोहम्मद सईद

शहडोल 2 जनवरी। वन्य प्राणियों खासकर टाइगर का दीदार करने वालों और हरे-भरे पेड़ पौधों के बीच कुछ वक्त गुजारने के शौकीनों के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अभी भी पहली पसंद बना हुआ है। यही कारण है कि नए साल के मौके पर यहां पर्यटकों की भारी भीड़ नजर आई और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पर्यटकों से गुलजार रहा। नए साल को सेलिब्रेट करने के लिए देशी पर्यटकों के साथ ही बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी बांधवगढ़ पहुंचे हैं। नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से यहां के सारे रिसार्ट भी पर्यटकों से भरे हुए हैं। बताया तो यह भी जा रहा है, कि जनवरी के पहले हफ्ते तक यहां टाइगर सफारी की ऑन लाइन पूरी टिकट बुक है। कई पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बारे में जैसा सुना था, यहां पहुंचने के बाद उससे ज्यादा रोमांच महसूस हुआ। उनका यह कहना है, कि तेज ठंड और कोहरे के बीच टाइगर को देखना उनके लिए एक अविस्मरणीय पल है। भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को खासी आय हुई है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने "खबरें अभी तक" को बताया कि नए साल के पहले दिन 1 जनवरी को कुल 1139 पर्यटकों का बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आगमन हुआ है। 

दिसंबर 2024 में 23 हजार 844 पर्यटक आए

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने "खबरें अभी तक" को बताया कि बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में पर्यटकों की संख्या और आय में वृद्धि हुई है। क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वर्ष 2024 के माह दिसम्बर में कोर क्षेत्र में 16 हजार 950 भारतीय पर्यटक और 1710 विदेशी पर्यटक कुल 18 हजार 660 पर्यटकों का आगमन हुआ था। जबकि बफर क्षेत्र में 5014 भारतीय पर्यटक और 170 विदेशी पर्यटक कुल 5184 आए थे। इस तरह कोर एवं बफर क्षेत्र में प्रवेश करने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 23 हजार 844 रही। उन्होंने बताया कि इन पर्यटकों से कुल 1 करोड़ 72 लाख 94 हजार 334 रुपए की आए प्राप्त हुई थी।

दिसंबर 2025 में पर्यटकों की बढ़ी संख्या

लेकिन वर्ष 2024 के दिसंबर माह की तुलना में गुजरे वर्ष 2025 के दिसंबर में पर्यटकों की संख्या में खासी बढ़ोतरी हुई है। क्षेत्र संचालक डॉ. सहाय ने "खबरें अभी तक" को बताया कि माह दिसम्बर 2025 में कोर क्षेत्र में भारतीय पर्यटक संख्या 18 हजार187 एवं विदेशी पर्यटक संख्या 1646 कुल पर्यटकों की संख्या 19 हजार 833 रही। जबकि बफर क्षेत्र में भारतीय पर्यटक संख्या 4579 एवं विदेशी पर्यटक संख्या 109 कुल 4688 पर्यटकों का आगमन हुआ। कोर एवं बफर क्षेत्र को मिलाकर 24 हजार 521 पर्यटकों का आगमन हुआ। उन्होंने बताया कि कुल पर्यटकों से 2 करोड़ 03 लाख 09 हजार 187 रुपए की आय प्राप्त हुई है।

Post a Comment

0 Comments