Ticker

6/recent/ticker-posts

झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ भाजपा नेता ने थाने में दी शिकायत

मोहम्मद सईद

शहडोल 19 फरवरी। शहडोल संभाग अंतर्गत अनूपपुर जिले के जैतहरी नगर के वार्ड क्रमांक 09 में संचालित एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ भाजपा नेता ने थाने में लिखित शिकायत दी है। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता कैलाश सिंह मरावी ने थाना प्रभारी जैतहरी को विस्तृत लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि बस स्टैंड मार्ग, पुराना पोस्ट ऑफिस के पास एक व्यक्ति बिना वैध चिकित्सा डिग्री और शासकीय पंजीयन के खुलेआम क्लिनिक संचालित कर रहा है। आवेदन में उल्लेख है कि संबंधित व्यक्ति स्वयं को डॉक्टर बताकर ग्रामीण एवं गरीब तबके के लोगों का इलाज कर रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी जानकारी में यह बात आई है कि उक्त व्यक्ति के पास मध्यप्रदेश शासन से मान्यता प्राप्त किसी प्रकार की चिकित्सा डिग्री नहीं है और न ही वह स्वास्थ्य विभाग अथवा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अनूपपुर कार्यालय में विधिवत पंजीकृत है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि क्लिनिक खुले आम संचालित होने के कारण आम नागरिक यह विश्वास कर लेते हैं कि संबंधित व्यक्ति अधिकृत चिकित्सक है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज वहां इलाज के लिए पहुंचते हैं। आरोप है कि उपचार के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है और गलत दवाइयां देने से मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा गलत उपचार के कारण गंभीर परिणाम सामने आए हैं, लेकिन भय या जानकारी के अभाव में लोग शिकायत दर्ज नहीं करा पाते। ऐसे में यह मामला जनहित और जनस्वास्थ्य से सीधे जुड़ा हुआ है। कैलाश सिंह मरावी ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यदि जिले में बिना डिग्री और पंजीयन के क्लिनिक संचालित हो रहे हैं तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से जांच कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति फर्जी तरीके से चिकित्सा पेशा अपनाने का साहस न कर सके। उन्होंने मांग की है कि संबंधित क्लिनिक को तत्काल सील किया जाए तथा आरोपी के विरुद्ध जालसाजी, धोखाधड़ी और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ जैसी धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

0 Comments