मोहम्मद सईद
शहडोल 18 मार्च। प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ओलंपियाड प्रतियोगिता में स्थान बना कर विद्यालय और शहडोल जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा केंद्र के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवा देश का भविष्य हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
जिला शिक्षा केंद्र के तत्वावधान में जिला ओलंपियाड प्रतियोगिता में चयनित 32 छात्रों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विकास खण्डों से चयनित छात्र, उनके अभिभावक तथा शिक्षकों के साथ ही जिला एवं विकासखंड के अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित एस डी एम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग और जिला परियोजना समन्वयक अमरनाथ सिंह ने छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला परियोजना समन्वयक अमरनाथ सिंह ने बताया कि जन शिक्षा केंद्र स्तर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रारंभिक स्तर पर 8 हजार बच्चों ने परीक्षा दी, जिसमें से ये 32 बच्चे जिला स्तरीय परीक्षा में चयनित हुए थे। इन्हीं में से चार बच्चे अंग्रेजी विषय में चयनित हैं जो 22 और 23 मार्च को राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड में ग्वालियर में सहभागिता करेंगे। उनके साथ उनके अभिभावक और मार्गदर्शी शिक्षक भी जाएंगे। सम्मान कार्यक्रम के उपरांत बच्चों को भोजन कराया गया आने-जाने का किराया देकर सम्मान पूर्वक विदा किया गय बच्चों और उनके साथ आए अभिभावकों में इस अवसर पर काफी उल्लास देखा गया।



0 Comments