मोहम्मद सईद
शहडोल 22 मार्च। क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिह के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उनके द्वारा लगातार की गई पहल के चलते मिनी ब्राज़ील कहे जाने वाले विचारपुर में आधुनिक स्टेडियम के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। इस स्टेडियम के बनने से न केवल फुटबॉल के युवा प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि युवाओं को अपने कौशल को निखारने का एक सशक्त मंच भी मिलेगा। लंबे समय से यहां सर्व सुविधा युक्त स्टेडियम की कमी महसूस की जा रही थी, जो अब विधायक के प्रयासों से पूरा हो सकेगी।
इन सुविधाओं का होगा विस्तार
जयसिंहनगर क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने बताया कि "मिनी ब्राजील" के नाम से पहचान बना चुके जिले के ग्राम विचारपुर में फुटबाल खिलाड़ियो को बेहतर खेल सुविधाओ के लिए मध्यप्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा खेल मैदान निर्माण के लिए 5.10 करोड़ रूपये की स्वीकृत प्रदान की गई है। इस राशि से फुटबाल मैदान, बाउण्ड्रीबॉल, चेंजिग रूम, आफिशियल रूम, पवेलियन निर्माण जैसे अन्य कार्यों का निर्माण कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार सहकारिता एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग द्वारा पत्र जारी कर कहा गया है, कि जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विचारपुर जिला शहडोल में फुटबाल ग्रॉउण्ड का निर्माण किए जाने हेतु पत्र लिखा गया था।
आगे बढ़ने का मिलगा मौका-मनीषा
विधायक श्रीमती सिंह ने इस संबंध में कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है और यह स्टेडियम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। स्थानीय युवा फुटबॉल खलाड़ियों ने भी इस पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उनका यह भी कहना है, कि इससे क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां यह भी उल्लेखनीय है, कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ग्राम विचारपुर के खिलाड़ियों के जुनून, हुनर और फुटबॉल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए “मिनी ब्राजील” का जिक्र किया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इन युवा खिलाड़ियों को निखारने के प्रयास के लिए राष्ट्रीय खिलाड़ी व फुटबाल कोच रईस अहमद का भी जिक्र किया था।

0 Comments