मोहम्मद सईद
शहडोल 24 मार्च। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मंगलवार को विद्यारंभ ग्रेजुएशन सेरेमनी के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहडोल के वार्ड क्रमांक 13 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयजित विद्यारंभ ग्रेजुएशन सेरेमनी कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रगति वर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुद्रिका सिंह, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान अमरनाथ सिंह और महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा उपस्थित रहे।
बच्चों को दिए प्रमाण-पत्र
जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा द्वारा विद्यारंभ ग्रेजुएशन सेरेमनी कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से बताते हुए कहा कि जिले में 17 हजार से अधिक ऐसे बच्चों को जो 5 वर्ष से अधिक के हो चुके हैं उन्हें इस कार्यक्रम से जोड़ते हुए विद्यालय में प्रवेश की कार्यवाही की जाएगी तथा सभी को विभाग द्वारा प्रमाण पत्रों का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वार्ड में चिन्हित 20 से अधिक बच्चों को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र का वितरण किया गया तथा तिलक लगाकर विद्यालय में प्रवेश की शुभकामनाएं प्रदान की गई। कार्यक्रम में दो बच्चों का जन्म दिवस भी मनाया गया तथा उन्हें उपहार भेंट किए गए। विद्यारंभ कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी गई। कार्यक्रम का सफल व प्रभावी संचालन सोहागपुर परियोजना अधिकारी आनंद अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक वर्षा पाण्डेय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
झगरहा में भी कार्यक्रम का आयोजन
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा द्वारा दिए गए निर्देशानुसार परियोजना सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत झगरहा में भी विद्यारंभ ग्रेजुएशन सेरेमनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान परियोजना अधिकारी आनंद अग्रवाल द्वारा कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
बच्चों को दिए यूनिफॉर्म
कार्यक्रम में समाजसेवी श्रीमती स्नेहा अग्रवाल व श्रीमती पुष्पा पटेल द्वारा सहभागिता निभाई गई। इस मौके पर आंगनबाड़ी केंद्र के 28 बच्चों को यूनिफॉर्म का वितरण करने के साथ ही फल व मिठाई बांटी गई। कार्यक्रम में 5 साल से अधिक उम्र के 14 बच्चों को तिलक लगाकर एवं प्रमाण पत्र वितरण कर विद्यालय प्रवेश करने की शुभकामनाएं प्रदान की गई। इस दौरान बच्चों द्वारा गीत और कविता की प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक देववती झा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गीता पटेल, सोनी पटेल और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।




0 Comments