शहडोल 26 मार्च। युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। युवा खिलाड़ियों ने यदि अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, तो उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिल सकता है। जिला फुटबॉल संघ शहडोल द्वारा जिले की अंडर 20 पुरुष फुटबॉल टीम का चयन ट्रायल 27 मार्च को किया जा रहा है। इसमें चयनित खिलाड़ी पहले मध्य प्रदेश की टीम में और फिर उसके बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी खेल सकेंगे। जिला फुटबाल संघ के सचिव व सहायक संचालक खेल रईस अहमद नई "खबरें अभीतक" को बताया कि अखिल भारतीय फुटबॉल संघ द्वारा राष्ट्रीय अंडर 20 आयु वर्ग पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता 19 अप्रैल से 31 मई तक छत्तीसगढ़ में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता से उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर भारतीय टीम तैयार की जाएगी। मध्य प्रदेश की टीम भी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा अंडर 20-आयु वर्ग पुरुष जिला फुटबॉल प्रतियोगिता 2 अप्रैल से 9 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का मध्य प्रदेश टीम में चयन किया जाएगा। श्री अहमद ने बताया कि जिला फुटबाल संघ शहडोल की टीम भी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शहडोल जिले की टीम भी तैयार की जा रही है। इस टीम के लिए चयन ट्रायल 27 मार्च को प्रातः 9 बजे से स्वर्गीय जयपाल सिंह मुंडा विचारपुर (मिनी ब्राज़ील) फुटबॉल मैदान शहडोल पर रखा गया है।
यह है आवश्यक
जिला फुटबाल संघ के सचिव श्री अहमद ने बताया कि चयन ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं, जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2007 से 31 दिसंबर 2009 के बीच होगी। सीआरएस/एमपीआई कार्ड अनिवार्य है। पासपोर्ट साइज फोटो व्हाइट बैक ग्राउंड में 3 महीने के बीच की होगी, मेडिकल फिटनेस फॉर्म अनिवार्य है। आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र ओरिजिनल एवं फोटोकॉपी अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि यह सभी अभिलेख ट्रायल के समय लेकर आना अनिवार्य है।

0 Comments