Ticker

6/recent/ticker-posts

घबराने की नहीं बात, पेट्रोल का भरपूर स्टॉक

मोहम्मद सईद

शहडोल 26 मार्च। इज़राइल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के बीच जहां कई जगहों पर पेट्रोल की आपूर्ति को लेकर चिंता जताई जा रही है, वहीं शहडोल जिले के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण मौजूद है, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन और तेल कंपनियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखते हुए आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी पेट्रोलियम पदार्थ की उपलब्धता सामान्य बनी रहेगी और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है, कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य रूप से ईंधन का उपयोग करें, क्योंकि जिले में फिलहाल किसी भी तरह की कमी की संभावना नहीं है।

कुछ पेट्रोल संचालकों से जब इस संबंध में चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि उनके पंप में लगातार वाहन आ रहे हैं, इसलिए दिक्कत जैसी कोई बात नहीं है। यह पूछे जाने पर की पेट्रोल-डीजल लेने पर कोई लिमिट निर्धारित की गई है, तो पंप संचालकों ने बताया कि इस तरह की कोई लिमिट नहीं है और जैसा पूर्व में सामान्य दिनों में लोग पेट्रोल खरीद रहे थे, उसी तरह से पेट्रोल दिया जा रहा है। कुछ पंप संचालकों ने यह जरूर स्वीकार किया कि उनके वाहन आने में विलंब होने पर कुछ देर के लिए पंप बंद हुए थे, लेकिन कुछ घंटे के अंतराल में पुनः उनके पंप से बिक्री शुरू हो गई। पंप संचालकों का कहना है, कि वाहन स्वामी किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान ना दें और अपनी सुविधा अनुसार आसानी से डीजल व पेट्रोल की खरीदी करें, क्योंकि किसी तरह का कोई संकट अभी नहीं है। 

ऐसे मैसेज ने बढ़ाई चिंता

बुधवार को सोशल मीडिया में कुछ ऐसे मैसेज वायरल हुए जिसके चलते लोगों के अंदर एक डर समा गया कि आने वाले दिनों में कहीं पेट्रोल व डीजल की बिक्री बंद ना हो जाए। इसलिए बुधवार को अचानक पेट्रोल पंप में लंबी लाइन नजर आने लगी। सोशल मीडिया में घूम रहे मैसेज में यह बताया गया था कि शहडोल के कई पंप में पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है और पंप बंद हो गए हैं। लेकिन शाम होते-होते यह बात भी सामने आई कि जिन पंप को बंद होने का बताया जा रहा था, वह पेट्रोल की बिक्री करते नजर आए। गुरुवार को शहडोल के कई पेट्रोल पंप का भ्रमण किया गया तो वहां लोग आसानी से अपनी सुविधा के अनुसार पेट्रोल-डीजल की खरीदी करते नजर आए।

Post a Comment

0 Comments