मोहम्मद सईद
शहडोल 28 मार्च। वर्ष 2026-27 का शैक्षणिक सत्र 01 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रहा है। शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ में गत वर्षों की तरह इस वर्ष भी स्कूल चलें, हम अभियान के अंतर्गत "प्रवेशोत्सव" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत 1 अप्रैल से 4 अप्रैल तक जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्कूल चलें, हम अभियान कार्यक्रम को लेकर जिला शिक्षा केंद्र द्वारा तैयारी की जा रही है।
पाठ्य पुस्तक का होगा वितरण
जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक अमरनाथ सिंह ने "खबरें अभीतक" को बताया कि 01 अप्रैल को "प्रवेशोत्सव" के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ जिला व शाला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम में विगत अकादमिक वर्ष में 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों को विशेष रूप आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को अतिथियों के द्वारा निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं साईकिल वितरित की जाएगी। ग्राम/बसाहट के शाला से बाहर रहे चिन्हित बच्चों का शाला में नामांकन एवं उनके अभिभावकों का शाला स्तर पर स्वागत किया जाएगा और कक्षा 1 से 8 तक की समस्त शालाओं में बाल सभा का आयोजन भी किया जाएगा। इस मौके पर शालाओं में विशेष भोज का आयोजन भी किया जाएगा।
जिला परियोजना समन्वयक श्री सिंह ने बताया कि 2 अप्रैल को पालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद की गतिविधि आयोजित की जाएगी, विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं के बारे में विद्यालय स्टॉफ द्वारा पालकों को अवगत कराया जाएगा। हार के आगे जीत ध्येय के माध्यम से वर्ष 2026 की परीक्षा में कक्षोन्नती प्राप्त न करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के पुनः प्रवेश हेतु प्रेरित कर उनका पुनः प्रवेश सुनिश्चित कराने के साथ ही उन्हें अन्य विकल्प जैसे ओपन एजूकेशन सिस्टम, आई. टी. आई. कोर्सेस एवं अन्य शैक्षिक मार्ग से भी अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शाला प्रबंधन समिति एवं शाला प्रबंधन व विकास समिति की बैठक का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में नवीन अकादमिक सत्र में अनामांकित बच्चों का विद्यालय में शत प्रतिशत नामांकन एवं बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु समिति सदस्यों के साथ चर्चा कर कार्ययोजना बनाई जाएगी।
4 को भविष्य से भेंट कार्यक्रम
श्री सिंह ने बताया कि 04 अप्रैल को "भविष्य से भेंट कार्यक्रम" में प्रबुद्धजनों, जन प्रतिनिधियों, समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंट हेतु आमंत्रित किया जाएगा। आमंत्रित व्यक्ति इस दौरान स्वेच्छा से विद्यार्थियों को शाला उपयोगी वस्तुएं भेंट कर सकेंगे।


0 Comments