मोहम्मद सईद
शहडोल 11 अप्रैल। होम्योपैथी पद्धति से इलाज करने वाले मरीजों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शासकीय होम्योपैथिक औषधालय का नया भवन शुक्रवार को विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर विधिवत रूप से उद्घाटित कर दिया गया है। सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन के शुरू होने से अब मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक उपचार मिल सकेगा। 47 लाख 48 हजार रूपए की लागत से इस शासकीय होम्योपैथी औषधालय भवन का निर्माण आयुर्वेदिक औषधालय कोतमा तिराहा के पास किया गया है। जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी ने विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर संभागीय मुख्यालय शहडोल के कोटमा तिराहा के पास नवनिर्मित शासकीय होम्योपैथी औषधालय का फीता काटकर एवं विधि विधान से पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया।
विधायक जयसिंह मरावी ने कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति सस्ती, सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार प्रदान करती है। विधायक श्री मरावी ने कहा कि इस औषधालय के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को अब निःशुल्क उपचार की और बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष व जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने भी सम्बोंधित किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नगर पालिका प्रवीण शर्मा(डोली), जिला आयुष अधिकारी डाॅ शषि प्रभा प्राण्डेय, डॉ. अरविंद तिवारी, जिला होम्योपैथी अधिकारी डाॅ. अल्पना इरपाचे और डॉ किशोर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अस्पताल का स्टॉफ उपस्थित रहा। विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर निःशुल्क मेगा होम्योपैथी शिविर का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु शासकीय होम्योपैथी औषधालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।


0 Comments