Ticker

6/recent/ticker-posts

गांव में घुसा मगरमच्छ, 5 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू

मोहम्मद सईद 

शहडोल 21 अगस्त। एक गांव में अचानक कोहराम मच गया। लोग हैरान थे कि आखिर उनके गांव में मगरमच्छ कैसे आ गया। हालांकि वन विभाग की टीम के 5 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद इस मगरमच्छ को रेस्क्यू कर लिया गया। यह पूरा मामला बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर रेंज अंतर्गत सेमरा गांव का है। सेमरा गांव में 20 अगस्त की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ गांव में स्थित पुल तक पहुंच गया। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही मानपुर रेंज अधिकारी अंकित सोनी के निर्देशन में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। करीब 5 घंटे तक चले अथक प्रयासों के बाद टीम ने बिना किसी जनहानि या नुकसान के मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ की प्राथमिक जांच की गई। स्वस्थ पाए जाने पर उसे सुरक्षित रूप से सोन नदी में छोड़ दिया गया। सफल रेस्क्यू अभियान के बाद ग्रामीणों ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम का आभार व्यक्त किया और वन्यजीव संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।


मानपुर रेंज अधिकारी श्री सोनी ने बताया कि बारिश के मौसम में नालों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ सहित अन्य जलीय जीव पानी के बहाव के साथ गांवों के आसपास पहुंच जाते हैं। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने ग्रामीणों से अपील की है, कि यदि गांव या आसपास के क्षेत्र में मगरमच्छ अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसके करीब जाने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। तत्काल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित कार्रवाई कर सके।

Post a Comment

0 Comments