मोहम्मद सईद
शहडोल 21 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन शुक्रवार को निरीक्षण कार्यक्रम के तहत शहडोल पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन शहडोल में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्रमिक यूनियन के महामंत्री मनोज बेहरा एवं यूनियन प्रतिनिधिमंडल के साथ औपचारिक बैठक कर रेल कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।बैठक में श्रमिक यूनियन के महामंत्री मनोज बेहरा ने डीआरएम के समक्ष शहडोल रेल क्षेत्र में कर्मचारियों को हो रही मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि रेलवे कर्मचारियों के आवास की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। रेलवे के करीब 200 पुराने एवं जर्जर आवासों को तोड़ा जा चुका है, लेकिन उनके स्थान पर नए आवासों का पर्याप्त निर्माण नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आवास संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने मांग रखी कि कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए नए एवं सुरक्षित रेलवे आवासों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
पौंडा नाला में जल भराव का मुद्दा भी उठा
बैठक के दौरान रेलवे क्षेत्र से सिंहपुर की ओर पौंडा नाला में होने वाले जलभराव की समस्या को भी गंभीरता से उठाया गया। यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि बारिश के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण क्षेत्र में पानी जमा हो जाता है, जिससे रेल कर्मचारियों एवं आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। डीआरएम ने इस समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। श्रमिक यूनियन ने रेलवे कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। प्रतिनिधियों ने कहा कि कॉलोनी एवं रेलवे परिसरों में अपराधों की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग यूनियन द्वारा की गई।
बैठक में शहडोल रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों को लेकर भी यूनियन ने अपनी बात रखी। प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों में सामने आ रही कमियों और यात्रियों तथा कर्मचारियों को हो रही परेशानियों की ओर डीआरएम का ध्यान आकर्षित कराया। विशेष रूप से स्टेशन एवं आसपास की सड़कों पर विकास कार्यों के दौरान जगह-जगह की जा रही खुदाई को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंता व्यक्त की गई। यूनियन ने कहा कि कई स्थानों पर सड़क की खुदाई के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और यदि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, संकेतक एवं सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई। श्रमिक यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि डीआरएम द्वारा समस्याओं को गंभीरता से लिए जाने के बाद लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।


0 Comments