मोहम्मद सईद
शहडोल 18 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में रेलवे आरक्षित टिकटों की अनधिकृत खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत आरपीएफ ने बैकुंठपुर से बनारस/भदोही तक फैले अंतर्राज्यीय टिकट दलाली नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बिलासपुर से मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ निरीक्षक अंबिकापुर सुनीता मिंज की जांच में सामने आया कि बैकुंठपुर स्थित कम्प्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली (सिटी PRS) से तैयार किए गए रेलवे आरक्षित टिकटों को बनारस तक पहुंचाकर वहां ग्राहकों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था। टिकटों की डिलीवरी के लिए बस सेवा का भी इस्तेमाल किए जाने की जानकारी जांच में सामने आई है।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट के माध्यम से 60 रेलवे आरक्षित टिकटों से संबंधित सामग्री बरामद हुई। इन टिकटों की कुल कीमत करीब 3 लाख 68 हजार बताई गई है। इनमें से 14 टिकटों पर PNR सहित अन्य विवरण हस्तलिखित पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह रेलवे टिकटों पर अवैध रूप से कमीशन और अतिरिक्त राशि वसूलकर मोटा मुनाफा कमा रहा था। बैकुंठपुर से बनारस तक टिकटों को पहुंचाने के लिए बस चालक की मदद लिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

0 Comments