Ticker

6/recent/ticker-posts

बारिश में 8 किलोमीटर पैदल चलीं कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं, कलेक्टर से लगाई गुहार

मोहम्मद सईद 

शहडोल 19 अगस्त। जिले के कंचनपुर में संचालित माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सोहागपुर से करीब दो दर्जन छात्राओं के अचानक छात्रावास से बाहर निकलकर शहडोल की ओर पैदल कूच करने से बुधवार को प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। छात्राएं बारिश के बीच करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने और अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रखने के लिए शहडोल पहुंचीं। छात्राओं के छात्रावास से निकलने की जानकारी मिलते ही जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा सक्रिय हुए और रास्ते में ही छात्राओं से मिलने पहुंच गए। उन्होंने छात्राओं को समझाने तथा उनकी समस्याएं जानने का प्रयास किया, लेकिन छात्राओं ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। छात्राओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे शहडोल जाकर कलेक्टर से ही मुलाकात करेंगी और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराएंगी।

बारिश में भी नहीं रुके कदम

छात्राएं लगातार बारिश के बीच शहडोल की ओर बढ़ती रहीं। इस दौरान सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा भी छात्राओं के साथ पैदल चलते रहे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं के साथ शहडोल तक रही, ताकि बारिश के बीच पैदल जा रही छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद छात्राओं ने अपनी मांग से पीछे हटने के बजाए कलेक्टर से मिलने का फैसला कायम रखा।

कलेक्टर ने आमने-सामने सुनी समस्याएं

करीब 8 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद छात्राएं शहडोल पहुंचीं। यहां कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्हें कलेक्ट्रेट सभागार में बुलाया। छात्राओं से आमने-सामने बातचीत करते हुए कलेक्टर ने उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना। छात्राओं ने कलेक्टर को छात्रावास में भोजन व्यवस्था, शिक्षण व्यवस्था सहित कई अन्य समस्याओं से अवगत कराया। छात्राओं ने अपनी परेशानियां विस्तार से रखते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। कलेक्टर ने छात्राओं की पूरी बात गंभीरता से सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। कलेक्टर ने सभी छात्राओं को वाहन से सुरक्षित आवासीय परिसर तक भिजवाया।

तीन दिन में मांगा जांच प्रतिवेदन 

मामले में कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी है। जांच टीम को पूरे मामले की जांच कर तीन दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जांच प्रतिवेदन सामने आने के बाद तथ्यों और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व में भी चर्चाओं में रहा है यह शिक्षा परिसर 

कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर पूर्व में भी चर्चाओं में रहा है। इसी साल जनवरी महीने में यहां से कक्षा दसवीं की एक छात्रा लापता हो गई थी। लापता छात्रा अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम क्षेत्र की निवासी थी। शिक्षा परिसर के प्राचार्य देवेंद्र श्रीवास्तव ने इस मामले में सोहागपुर थाने में छात्रा के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पहले दिसंबर 2025 में भी कक्षा 12वीं की एक छात्रा भी इसी परिसर से लापता हो गई थी। 

पतली कमरिया मोरी हाय-हाय

इसी साल जनवरी में ही माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक महिला शिक्षक कक्षा के अंदर स्कूल ड्रेस में मौजूद कुछ छात्राओं के साथ लोकप्रिय भोजपुरी गाने "पतली कमरिया मोरी हाय-हाय" पर डांस करती और रील बनाती नजर आई थीं।


Post a Comment

0 Comments